पंजाब में आप सरकार के तीन साल पूरे, केजरीवाल और भगवंत मान ने स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका
आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को राज्य में पार्टी की सरकार के तीन साल पूरे होने पर अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल पंजाब के होशियारपुर में 10 दिवसीय विपश्यना ध्यान सत्र पूरा करने के बाद शनिवार को अमृतसर पहुंचे।
स्वर्ण मंदिर में केजरीवाल के साथ उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल और मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल समेत आप के नेता मौजूद थे। आम आदमी पार्टी (आप) ने 2022 में पंजाब में कुल 117 विधानसभा सीटों में से 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई है।
अमृतसर में पत्रकारों से बात करते हुए केजरीवाल ने कहा, "16 मार्च 2022 को मान साहब ने पंजाब के मुख्यमंत्री का पद संभाला। आज हम यहां गुरु महाराज (सर्वशक्तिमान) का आशीर्वाद लेने आए हैं। तीन वर्षों में उन्होंने (गुरुओं ने) हमारा मार्गदर्शन किया और हमें लोगों की सेवा जारी रखने की शक्ति दी।"
उन्होंने कहा, ‘‘आज पंजाब में सबसे बड़ी समस्या नशा और भ्रष्टाचार है। पंजाब के लोगों ने नशा और भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग छेड़ दी है।’’
इससे पहले मान ने दावा किया कि पिछले तीन वर्षों में जो काम हुआ है, वह पिछले 70 वर्षों में भी नहीं हुआ।
उन्होंने कहा, "16 मार्च 2022 को खटकर कलां में हमने पंजाब को फिर से 'रंगला पंजाब' (समृद्ध) बनाने का संकल्प लिया था... हम वादे को पूरा करने के लिए नेक इरादे और पूरी ईमानदारी के साथ काम कर रहे हैं।"
मान ने एक्स पर कहा, "इन तीन सालों में जो काम हुआ है, वह पिछले 70 सालों में भी नहीं हुआ। हम पंजाबियों से किए गए हर वादे को पूरा करेंगे। हम पंजाब से नशे की बुराई को खत्म करने के लिए चल रही लड़ाई को उसके तार्किक निष्कर्ष तक ले जाएंगे। पंजाब के 3 करोड़ लोगों पर आपके समर्थन और विश्वास के लिए धन्यवाद।"