Advertisement
04 May 2018

आलोचनाओं के बाद कर्नाटक दौरा छोड़ आज रात आगरा पहुंचेंगे सीएम योगी

आलोचनाओं के बाद कर्नाटक दौरा छोड़ आज रात आगरा पहुंचेंगे सीएम योगी | file photo

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आलोचनाओं के बाद कर्नाटक का अपना दौरा अधूरा छोड़ कर शुक्रवार  की रात आगरा पहुंच रहे हैं। राज्य में दो दिनों में आई तेज आंधी और बारिश से 73 लोगों की मौत हो गई है। इस प्राकृतिक आपदा के बीच योगी का कर्नाटक में रहना विवादों के घेरे में आ गया था। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने उनकी आलोचना की थी।

समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार मुख्यमंत्री शुक्रवार की रात आगरा पहुंचेगे और प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे। इसके बाद वह शनिवार को राहत और पुनर्वास कार्यों का जायजा लेंगे। आगरा में सबसे ज्यादा 43 लोग मारे गए हैं 51 घायल हुए हैं। आगरा के बाद योगी आदित्यनाथ कानपुर रवाना हो जाएंगे।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया द्वारा कर्नाटक में प्रचार करने की आलोचना किए जाने पर योगी ने कहा कि मैं निजी तौर पर यहीं से प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य पर निगरानी रख रहा हूं। उन्होंने कहा कि सिद्धरमैया झूठ बोलने में बहुत ही सिद्धहस्त हैं। योगी ने कहा कि भाजपा कर्नाटक में जीत हासिल करेगी और कांग्रेस अपनी विभाजनकारी राजनीति और भ्रष्ट नीतियों के कारण चुनाव में हार का सामना करेगी।

Advertisement


इससे पूर्व समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्‍तर प्रदेश्‍ा के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा था कि सीएम को कर्नाटक का चुनाव प्रचार छोड़कर तुरंत यूपी वापस आना चाहिए था। जनता ने उन्हें अपने प्रदेश की समस्याओं के समाधान के लिए चुना है, न कि कर्नाटक की राजनीति के लिए। उन्होंने कहा कि इन हालात में भी अगर वे वापस नहीं आते हैं, तो फिर वे हमेशा के लिए अपना मठ वहीं बना लें।


दूसरी ओर, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने ट्वीट कर कहा था कि उत्तर प्रदेश में कम से कम 64 लोगों की मौत आंधी-तूफान की वजह से हो गई। मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि मुझे इस बात का खेद हैं कि आपके मुख्यमंत्री कर्नाटक में हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि वे जल्द ही लौटेंगे और अपना काम शुरू करेंगे।


TAGS: Yogi, adityanath, karnatka, campaign, akhilesh, Siddaramaiah
OUTLOOK 04 May, 2018
Advertisement