Advertisement
27 March 2019

कांग्रेस में शामिल हुईं अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर, राहुल गांधी ने किया स्वागत

ANI

लोकसभा चुनाव से पहले नेताओं और अभिनेताओं का राजनीतिक दलों में शामिल होने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में मशहूर फिल्म अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर भी आज बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गईं। इससे एक दिन पहले जया प्रदा ने बीजेपी और दक्षिण सिनेमा के मशहूर अभिनेता मोहन बाबू ने वाईएसआर कांग्रेस जॉइन किया था।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उर्मिला मातोंडकर को पार्टी में शामिल होने पर बधाई दी और उन्हें गुलदस्ता देकर सम्मानित किया। मीडिया में पहले से ही यह खबर आ रही थी कि अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर कांग्रेस के टिकट पर मुंबई से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। ऐसा माना जा रहा है कि उर्मिला मुंबई उत्तरी लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं।

राहुल गांधी के बारे में क्या बोलीं उर्मिला मातोंडकर

Advertisement

राहुल गांधी के नेतृत्व के बारे में उर्मिला मातोंडकर ने कहा, 'आज के दौर में हमें ऐसा नेता चाहिए जो सबको साथ लेकर चलने वाला नेता हो, जो सबको न्याय दिलाने में यकीन करता हो। साधारण शब्दों में कहा जाए तो वह सबको साथ लेकर चलने वाला हो। मेरी नजर में नेता ऐसा ही होना चाहिए। यह सब कुछ इनमें है।'

कई नेताओं से मिलीं उर्मिला

अभिनेत्री उर्मिला आज बुधवार दोपहर कांग्रेस में शामिल हो गईं। मिलिंद देवड़ा और संजय निरुपम समेत महाराष्ट्र कांग्रेस के कई नेता दिल्ली में हैं और आज पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करने के बाद उर्मिला कांग्रेस में शामिल हुईं। मिलिंद देवड़ा मुंबई कांग्रेस समिति के अध्यक्ष बनाए गए हैं।

गोविंदा लड़े थे मुंबई उत्तरी सीट से चुनाव

मुंबई उत्तरी लोकसभा सीट से फिल्म अभिनेता गोविंदा ने 2004 में पूर्व पेट्रोलियम मंत्री राम नाइक को पराजित किया था। नाइक फिलहाल इस समय उत्तर प्रदेश के राज्यपाल हैं। हालांकि राम नाइक को वर्ष 2009 में संजय निरूपम के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। 2014 के लोकसभा चुनाव में 'मोदी लहर' में गोपाल शेट्टी ने संजय निरूपम को पराजित कर दिया।

संजय निरूपम ने किया था संपर्क

पहले खबर आई थी कि मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरूपम और राज्य कांग्रेस के प्रवक्ताओं ने उर्मिला मातोंडकर के पारिवारिक सदस्यों से संपर्क किया, लेकिन इस बारे में किसी ने भी किसी तरह की टिप्पणी करने से मना कर दिया था। हालांकि बाद में राजनीतिक सूत्रों के हवाले से ऐसी खबरें भी आई कि उर्मिला के नाम पर पार्टी नेतृत्व काफी आगे बढ़ चुका है और जल्द ही इस बारे में अंतिम निर्णय की घोषणा कर दी जाएगी।

29 अप्रैल को मतदान

मुंबई के छह लोकसभा सीटों के लिए चौथे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होना है और और इसी दिन राज्य की 17 अन्य लोकसभा सीटों के लिए भी वोट डाले जाएंगे। अगर उर्मिला मातोंडकर को मुंबई उत्तरी लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया जाता है तो उनका मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के मौजूदा सांसद गोपाल शेट्टी से होगा। इस सीट को बीजेपी का गढ़ और शेट्टी को अपराजेय माना जाता है।

उर्म‍िला मातोंडकर से पहले कई अन्य बड़े सिनेमाई सितारों जैसे सलमान खान, संजय दत्त के चुनावी समर में उतरने की चर्चा थी, लेकिन उन्होंने चुनाव प्रचार करने से साफ इंकार कर द‍िया है.

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Urmila Matondkar, Congress, Rahul Gandhi
OUTLOOK 27 March, 2019
Advertisement