Advertisement
31 October 2020

अखिलेश-मायावती के दौरान प्रदेश में रहा गुंडा राज, यूपी में विपक्ष कराना चाहता है दंगा: सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर आरोप लगाया है कि सपा प्रदेश के अन्दर दंगों की एक नई श्रंखला शुरू करना चाहती हैं।

सीएम योगी ने शनिवार को देवरिया में पार्टी प्रत्याशी डाॅ. सत्य प्रकाश मणि त्रिपाठी के समर्थन में एक चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि सपा में तो अब राजनीतिक क्षमता का अकाल पड़ता दिख रहा है। अब उनमें क्षमता तो नहीं है, लेकिन प्रदेश के अन्दर षंडयंत्र का सलाह देकर दंगा कराना चाहती है। उन्होंने कहा कि हम लोगों ने भी तय किया है कि प्रदेश में दंगाईयों की जगह जेल या कहीं और होगी। प्रदेश के साढ़े तीन साल के शासन काल में एक भी दंगे नहीं हुए।

उन्होंने कहा कि सपा, बसपा के 15 वर्ष के शासनकाल में प्रदेश में गुण्डा राज कायम था। आदमी का जीवन और उसकी सम्पत्ति सुरक्षित नहीं रहती थी। लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार के शासन काल में आपरेशन माफिया के तहत आज माफियाओं की सम्पत्ति पर बुल डोजर चल रहा है। उन्होंने कहा कि आपरेशन माफिया से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को बुरा लग रहा है। उनका बयान आया है कि " जिन्होंने सम्पत्ति अर्जित कर ली, उसको वापस क्यों लिया जा रहा है।"

Advertisement

सीएम ने कहा कि हमने कहा कि यह गरीब और व्यापारियों की सम्पत्ति है। उसको वापस लेकर गरीबों को मकान तथा व्यापारियों की सम्पत्ति को उनको वापस करने का काम किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसी माफिया को पनपने नहीं दिया जायेगा।

उन्होंने कहा कि केन्द्र और प्रदेश की सरकार जनता की सेवा बनकर कार्यरत करती है।जबकि कांग्रेस, सपा और बसपा समाज को बांटने तथा परिवारवाद को लेकर चलती है।भाजपा शासन काल में महिलाओं, किसानों और नौजवानों के लिए विशेष कार्य किते जा रहे हैं। महिलाओं को रसोई गैस सिलेंडर और चूल्हा, उज्ज्वला योजना के तहत बिजली कनेक्शन, राशन कार्ड में महिलाओं का नाम और घर घर शौचालय का निर्माण कराकर हमारी सरकार ने "सबका साथ,सबका विकास और सबका विश्वास " के नारे को चरितार्थ किया है।

सीएम योगी ने कहा कि हमसे पूछा जाता था कि राम मंदिर कब बनेगा आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का शिलान्यास भी होकर मंदिर निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। प्रदेश में युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ साढ़े तीन लाख सरकारी नौकरियां दी गई है।अपने शासन काल में तीस लाख नौजवानों को निजी क्षेत्र में रोजगार के साथ जोड़ा है।इसके साथ ही स्वत: रोजगार के साथ करीब डेढ़ करोड़ लोगों को जोड़ने का कार्य किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की 24 करोड़ जनता हमारा परिवार है। उनकी सुरक्षा और रोजगार का साधन उपलब्ध कराना हमारा दायित्व है। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जय प्रकाश निषाद, सतीश द्विवेदी समेत तमाम सांसद और विधायक मंज पर मौजूद थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Uttar Pradesh, CM Yogi, Akhilesh Yadav, Mayawati, उत्तर प्रदेश, मायावती, अखिलेश यादव, यूपी उपचुनाव
OUTLOOK 31 October, 2020
Advertisement