Advertisement
20 May 2019

दावे अपने-अपने, पर सभी की नजरें टिकीं 23 पर

लोकसभा चुनाव के सातवें चरण में मतदान समाप्त होने के बाद सभी दलों के अपने-अपने जीत के दावे हैं। विभिन्न न्यूज चैनलों पर आए चुनाव के रुझानों के बावजूद सबको इंतजार 23 मई को होने वाले मतगणना और उसके नतीजों पर है। फिलहाल, प्रदेश में भाजपा और गठबंधन में ज्यादातर सीटों पर कांटे की टक्कर है। किस दल को कितनी सीटें मिलेंगी और कौन सी पार्टी किस पर भारी पड़ेगी, यह अब नतीजों के बाद ही साफ हो पाएगा।

 प्रदेश में सात चरणों में हुए चुनाव में आयोग की तमाम कोशिशों के बावजूद मतदान प्रतिशत बहुत ज्यादा नहीं बढ़ पाया है। 2014 में हुए लोकसभा चुनाव की अपेक्षा इस बार महज दो फीसदी की बढोतरी हुई है। मतदाताओं के इस रवैये से राजनीतिक विश्लेषकों ने अलग अलग तरीके से आंका है, लेकिन साफ और सटीक जानकारी के लिए सभी की नजरें 23 मई के नतीजों पर लगी हैं।

चुनाव समाप्त होने के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि अब तीन दिनों के बाद ही देश को नया प्रधानमंत्री और नई सरकार मिलने जा रही है। लोकसभा चुनाव के लिए अंतिम मतदान में आज मतदाताओं ने गठबंधन को भरपूर समर्थन देने के साथ भाजपा सरकार को अलविदा कह दिया है। सत्ताधारी दल द्वारा सरकारी तंत्र के दुरुपयोग के बावजूद लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। साथ ही झूठ और नफरत की राजनीति के खिलाफ अपनी भावनाओं का स्पष्ट इज़हार किया।

Advertisement

उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने बुनियादी मुद्दों को तरजीह न देकर आरोप प्रत्यारोप और समाज को बांटनेवाली राजनीति को अपनाया। प्रदेश के किसानों, नौजवानों, अल्पसंख्यकों में सत्तारूढ़ दल के प्रति गहरा आक्रोश था। यह आक्रोश मतदान के सभी चरणों में दिखाई दिया। गठबंधन के प्रति मतदाताओं में उत्साह चरम पर रहा।

उन्होंने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार के पांच वर्षों और राज्य सरकार के दो वर्षों में जनता की बुनियादी समस्याओं की जैसी अनदेखी की गई, उससे लोग अब भाजपा से ‘त्राहिमाम’ कहने लगे हैं। इसके विपरीत जनता के पास समाजवादी पार्टी-बहुजन समाज पार्टी सरकारों के विकास कार्यों का विकल्प रहा, जिसको उसने पसंद किया और गठबंधन की झोली वोटों से भर दी है। उन्होंने जनता के इस अभूतपूर्व समर्थन के लिए उसका आभार व्यक्त किया है।

वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने लोकतंत्र के महापर्व में जनता जर्नादन की अपार सहभागिता व समर्थन के लिए उनका आभार जताया है। उन्होंने कहा कि लगभग सवा दो महीने चली चुनावी प्रक्रिया में भाजपा नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में चली केन्द्र सरकार के पांच वर्ष के ऐतिहासिक कार्यकाल की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच गई। वहीं, उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के द्वारा अपने दो वर्षों के कालखण्ड में प्रदेश की जनता के हितों में लिए गए फैसलों और किए गए कामों को भी जनता ने मुक्त कंठ से सराहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरे मनोयोग से संगठन के अभियानों को एक बार फिर मोदी सरकार के संकल्प के साथ जमीन पर उतारा। इसके लिए वे भी बधाई और प्रशंसा के पात्र है। उन्होंने कहा नरेन्द्र मोदी के प्रति जनता में अपार विश्वास और कार्यकर्ताओं के अपार परिश्रम से यह सुनिश्चित हो गया है कि भाजपा प्रदेश में 74 से अधिक सीटों पर विजयी होगी। उन्होंने कहा भीषण गर्मी में भी मतदाताओं ने जिस उत्साह से बूथ तक पहुंचकर मतदान किया है उससे नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में केन्द्र में पूर्ण बहुमत की सरकार बनना तय है। 23 मई को मतगणना के परिणामों के बाद देश में एक बार फिर से नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र में सरकार बनेगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Uttar pradesh, sp, bjp, leaders, lok sabha election, 2019 result
OUTLOOK 20 May, 2019
Advertisement