Advertisement
07 December 2015

भाकपा के वरिष्ठ नेता एबी बर्धन को पक्षाघात, हालत गंभीर

PTI/ File

भाकपा के नेता अतुल कुमार अंजान ने बताया कि 92 वर्षीय बर्धन दिल्‍ली में भाकपा के मुख्यालय में रहते हैं। उन्हें सवेरे आठ बजे के आसपास काफी बेचैनी महसूस हुई और फिर वह बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल मध्य दिल्ली के जीबी पंत अस्पताल पहुंचाया गया। अंजान ने बताया कि बर्धन की हालत गंभीर है। भाकपा के पूर्व महासचिव को आपातकालीन विंग में रखा गया है और वरिष्ठ चिकित्सक उनकी देखरेख कर रहे हैं।

बर्धन की पत्नी का वर्ष 1986 में निधन हो गया था। वह नागपुर विश्वविद्यालय में प्रोफेसर थी। बर्धन के परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। अर्धेंदु भूषण बर्धन ने मजदूर संघ आंदोलन और महाराष्ट्र में वामपंथी राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्ष 1957 में उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर महाराष्ट्र विधानसभा का चुनाव जीता था। बाद में वह अखिल भारतीय मजदूर संघ कांग्रेस के महासचिव और अध्यक्ष भी बने। यह संगठन भारत का सबसे पुराना मजदूर संघ है।

बर्धन 1990 के दशक में दिल्ली की राजनीति में आए और भाकपा के उप महासचिव बने। वह वर्ष 1996 में इंद्रजीत गुप्ता के बाद पार्टी के महासचिव भी बने।

Advertisement

 

 

 

OUTLOOK 07 December, 2015
Advertisement