Advertisement
03 June 2024

राजधानी में पानी की कमी: आतिशी ने दिल्ली को अतिरिक्त पानी देने के लिए उप्र और हरियाणा के मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर उनसे अनुरोध किया है कि वे राष्ट्रीय राजधानी में गहराए जल संकट के मद्देनजर एक महीने के लिए अतिरिक्त पानी छोड़ें।

आतिशी ने जोर देकर कहा कि वर्तमान में दिल्ली जल संकट से जूझ रही है और गर्मी के कारण पानी की मांग पिछले वर्षों की तुलना में काफी बढ़ गई है।

उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी को 31 मई को लिखे पत्र में कहा, ”राजधानी में तापमान लगभग 50 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है और यहां जल संसाधनों के मामले में स्थिति खराब है। मौजूदा संकट से निपटने के लिए हमें हरियाणा से जल्द से जल्द यमुना नदी में अतिरिक्त पानी छोड़े जाने की जरुरत है।”

Advertisement

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में जल मंत्री आतिशी ने भीषण गर्मी की गंभीरता के मद्देनजर मदद करने की जरुरत पर जोर दिया। उन्होंने पत्र में लिखा, ”महोदय, इस पत्र के माध्यम से मैं आपसे अपील करना चाहती हूं कि कृपया हमारे अनुरोध पर विचार करें और अगले एक महीने के लिए दिल्ली को अतिरिक्त पानी उपलब्ध कराएं ताकि दिल्ली में रहने वाले लोगों को इस भीषण गर्मी से राहत मिल सके।”

आतिशी ने कहा, ”दिल्ली सरकार और राष्ट्रीय राजधानी में रहने वाले लोगों को आपकी ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया का इंतजार है।”

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली ईकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आतिशी पर जल संकट के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पानी की कोई कमी नहीं है क्योंकि हरियाणा और उत्तराखंड दोनों ही दैनिक आधार पर अतिरिक्त पानी दे रहे हैं और इसकी पुष्टि दिल्ली जल बोर्ड के रिकॉर्ड से की जा सकती है।

इसी बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी ने रविवार को दिल्ली सरकार के इस आरोप को खारिज कर दिया कि उनका राज्य दिल्ली को उनके हिस्से का पानी नहीं दे रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार राजधानी को तय मात्रा से अधिक पानी छोड़ रही है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Water shortage in the capital, Atishi, wrote a letter, Chief Ministers of UP and Haryana, Additional water to Delhi
OUTLOOK 03 June, 2024
Advertisement