Advertisement
05 July 2024

पश्चिम बंगाल: कई दिनों से जारी गतिरोध खत्म, तृणमूल कांग्रेस के दो विधायक विधानसभा में शपथ लेंगे

पश्चिम बंगाल में शपथ ग्रहण समारोह स्थल को लेकर कई दिनों से जारी गतिरोध के बाद तृणमूल कांग्रेस के दो नवनिर्वाचित विधायक शुक्रवार दोपहर को विधानसभा में शपथ लेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने बृहस्पतिवार रात को विधानसभा उपाध्यक्ष आशीष बनर्जी को रयात हुसैन सरकार और सायंतिका बनर्जी को विधानसभा में विधायक के रूप में शपथ दिलाने के लिए अधिकृत किया।

विधानसभा सचिवालय के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘दोपहर दो बजे विशेष सत्र की शुरुआत में विधानसभा उपाध्यक्ष (दो नवनिर्वाचित विधायकों को) शपथ दिलाएंगे।’’

Advertisement

विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने विशेष सत्र बुलाते हुए कहा है कि सदन का कामकाज पूरी तरह राज्यपाल पर निर्भर नहीं है।

इससे पहले उन्होंने शपथ ग्रहण स्थल को लेकर जारी गतिरोध को हल करने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से हस्तक्षेप की मांग की थी।

रयात हुसैन सरकार मुर्शिदाबाद जिले के भागबंगोला से निर्वाचित हुए हैं जबकि बनर्जी ने उत्तर 24 परगना जिले की बारानगर सीट पर उपचुनाव जीता था, जो लोकसभा चुनाव के साथ ही हुए थे।

राज्यपाल ने पिछले महीने दोनों विधायकों को राजभवन में शपथ लेने के लिए आमंत्रित किया था। हालांकि, उन्होंने यह कहते हुए मना कर दिया कि परंपरा के अनुसार उपचुनाव जीतने वालों के मामले में राज्यपाल विधानसभा अध्यक्ष या उपाध्यक्ष को शपथ दिलाने की जिम्मेदारी सौंपते हैं।

सरकार और बनर्जी ने मांग की थी कि उनका शपथ ग्रहण कार्यक्रम विधानसभा में आयोजित किया जाए और वे इस मांग को लेकर कई दिनों तक विधानसभा परिसर में धरने पर भी बैठे रहे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: West Bengal, two Trinamool Congress MLAs, take oath, Assembly
OUTLOOK 05 July, 2024
Advertisement