Advertisement
13 September 2018

प्रधानमंत्री मोदी पर कांग्रेस नेता निरूपम के बयान पर विवाद, भाजपा ने बताया अपमानजनक

प्रधानमंत्री मोदी पर कांग्रेस नेता निरूपम के बयान पर विवाद, भाजपा ने बताया अपमान

विवादित बयानों के लिए चर्चा में रहने वाले कांग्रेस नेता ने एक बार फिर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष संजय निरूपम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया।

बुधवार को संजय निरूपम ने महाराष्ट्र के स्कूलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जिंदगी पर बनी लघु फिल्म दिखाने के राज्य सरकार के फैसले की आलोचना करते हुए उन्होंने मोदी को ‘‘निरक्षर’’ करार दे दिया। निरूपम के इस बयान के बाद भाजपा की ओर से इस पर कड़ी आपत्ति जताई जा रही है।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, भाजपा नेताओं ने निरुपम के बयान पर कड़ा विरोध जताया। भाजपा की महाराष्ट्र इकाई की प्रवक्ता शाइना एनसी ने निरुपम को ‘‘मानसिक तौर पर विक्षिप्त’’ करार दिया।

Advertisement

निरूपम का बयान

कांग्रेस नेता निरुपम ने एक समाचार चैनल से कहा, ‘‘जबरन फिल्म दिखाने का फैसला गलत है। बच्चों को राजनीति से दूर रखना चाहिए। मोदी जैसे अशिक्षित और निरक्षर व्यक्ति पर बनी फिल्म देखकर बच्चे क्या सीखेंगे?’’

निरुपम ने कहा, ‘‘बच्चों और लोगों को तो यह भी नहीं पता कि प्रधानमंत्री के पास कितनी डिग्रियां हैं।’’ बाद में अपने बयान के बारे में पूछे जाने पर निरुपम ने पत्रकारों से कहा कि सत्ताधारी पार्टी को हर शब्द पर आपत्ति करने की कोई जरूरत नहीं है और ‘‘लोकतंत्र में प्रधानमंत्री भगवान नहीं होता।’’

पहले भी देते रहे हैं विवादित बयान

बता दें, संजय निरुपम पहले भी विवादित बयानों के चलते राजनीतिक दलों के निशाने पर आ चुके हैं। कर्नाटक में राजनीतिक उतार-चढ़ाव के दौरान निरूपम ने राज्यपाल वजुभाई वाला की तुलना कुत्ते से कर दी थी। निरूपम ने कहा था कि अब शायद हिंदुस्‍तान का हर आदमी अपने कुत्‍ते का नाम वजुभाई वाला ही रखेगा।हालांकि विवाद बढ़ने के बाद में उन्‍होंने अपने बयान पर सफाई दी और माफी मांग ली थी।

TAGS: students, watching film, 'illiterate' person, Modi, Nirupam
OUTLOOK 13 September, 2018
Advertisement