Advertisement
15 January 2020

दिग्विजय सिंह ने जाकिर नाइक के बयान पर पीएम-गृहमंत्री को घेरा, कहा- क्यों नहीं की निंदा

ANI

मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपी जाकिर नाइक को लेकर कांग्रेस और भाजपा एक दूसरे पर आरोप लगा रही हैं। पहले भाजपा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह नाइक का समर्थन करती है। अब इस पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधा है। जाकिर नाइक ने एक बयान में कहा था कि 370 को लेकर उसे एक डील दी गई गई थी और इसके लिए एक दूत भी उसके पास भेजा गया था। कांग्रेस नेता ने कहा कि इस बयान की पीएम और गृहमंत्री ने निंदा क्यों नहीं की।

केस बंद करने की दी थी डील

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, 'सितंबर 2019 में जाकिर नाइक ने एक बयान में कहा था कि मोदीजी और शाहजी ने अपना एक दूत भेजा था। इसके माध्यम से जाकिर नाइक को कहा गया था कि वह आर्टिकल 370 हटाने का समर्थन करे। इसके बदले सरकार उसके खिलाफ सारे केस बंद कर देगी और उसे भारत आने दिया जाएगा। मोदीजी और शाहजी ने जाकिर नाइक के इस बयान की निंदा क्यों नहीं की?'

Advertisement

नाइक की टीम ने जारी किया था बयान

बता दें कि विवादास्पद इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक की टीम की ओर से शनिवार को एक बयान जारी कर दावा किया था कि भाजपा वाली केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 के तहत जम्मू एवं कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म होने पर उनका समर्थन मांगा था। इसकी एवज में पार्टी ने उन्हें “सुरक्षित तरीके से भारत लौटने” और उनके खिलाफ चल रहे मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों को हटाने की पेशकश की थी। नाइक ने कहा कि सितंबर में भारत सरकार के एक प्रतिनिधि ने उनसे संपर्क किया था। प्रतिनिधि ने उस वक्त कश्मीर के हालात पर इस सौदे की पेशकश की थी। नाइक का कहना है कि उन्होंने यह पेशकश ठुकरा दी थी।

भाजपा ने लगाए थे आरोप

जाकिर नाइक पर मनी लॉन्ड्रिंग के कई मामले चल रहे हैं और वह भारत से फरार चल रहा है। इसके अलावा वह अपने विवादित बयानों के लिए भी चर्चा में रहा है। भाजपा ने कांग्रेस और दिग्विजय सिंह पर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस जाकिर नाइक के ट्रस्ट से फायदा लेती रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और नाइक के बीच हमेशा से ही अच्छे संबंध रहे हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: PM, Home, Minister, condemn, Zakir, Naik, deal, 370, Digvijay Singh
OUTLOOK 15 January, 2020
Advertisement