Advertisement
22 April 2019

प्रज्ञा ठाकुर का नामांकन क्यों रद्द नहीं कर रहा चुनाव आयोगः मायावती

FILE PHOTO

बसपा सुप्रीमो मायावती ने मध्य प्रदेश के भोपाल से भाजपा उम्मीदवार और हाल में विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाली साध्वी प्रज्ञा ठाकुर पर निशाना साधा है। उन्होंने चुनाव आयोग से सवाल किया कि बार-बार धर्मयुद्ध की बात करने वाली प्रज्ञा ठाकुर का नामांकन रद्द क्यों नहीं कर रहा है। 

बसपा सुप्रीमो ने ट्वीट कर कहा, 'चुनाव आयोग केवल नोटिस ही क्यों जारी कर रहा है। प्रज्ञा ठाकुर का नामांकन रद्द क्यों नहीं कर रहा है?' उन्होंने कहा, 'भोपाल से भाजपा की उम्मीदवार और मालेगांव आतंकी विस्फोट की आरोपी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का बार-बार यह दावा है कि वह चुनाव नहीं बल्कि धर्मयुद्ध लड़ रही हैं। इस पर भी चुनाव आयोग की चुप्पी उनका और ऐसे अन्य नेताओं का मनोबल बढ़ा रही है।'

'चुनाव के नाम पर धर्मयुद्ध लड़ने की इजाजत क्यों' 

Advertisement

मायावती ने कहा, 'वैसे इस मामले में हकीकत यह है कि यही भाजपा और आरएसएस का असली चेहरा है जो लगातार इस चुनाव में भी बेनकाब हो रहा है। लेकिन चुनाव आयोग केवल नोटिस ही क्यों जारी कर रहा है। भाजपा नेतृत्व साध्वी प्रज्ञा को चुनाव के नाम पर धर्मयुद्ध लड़ने की इजाजत क्यों दे रहा है। आयोग को इस मामले को गम्भीरता से लेना चाहिये।'  

'लोकतंत्र के लिए चिन्ता की बात'

उन्होंने कहा कि मीडिया की आलोचनाओं के बावजूद आयोग अगर जनसंतोष के मुताबिक निष्पक्षता से काम नहीं कर रहा है तो यह देश के लोकतंत्र के लिए चिन्ता की बात है।

बसपा सुप्रीमो ने कहा कि इस गिरावट के लिए असली जिम्मेदार कोई और नहीं बल्कि भाजपा का आलाकमान और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खुद हैं, जो एक नहीं चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के अनेक गंभीर आरोपों से घिरे हुए हैं। यह मामले आयोग के समक्ष लम्बे समय से फैसले के लिए लम्बित पड़े हैं।

 

चुनावी लड़ाई को बताया था धर्मयुद्ध

 हाल ही में प्रज्ञा ठाकुर ने दिग्विजय सिंह से अपनी चुनावी लड़ाई को धर्मयुद्ध करार दिया था। उनके इसी बयान पर मायावती ने आयोग को कठघरे में खड़ा किया है। कांग्रेस ने भोपाल से दिग्विजय सिंह को टिकट दिया है, जबकि उनके सामने भाजपा ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को चुनाव मैदान में उतारा है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Why, EC, not, cancelling, BJP, Pragya Thakur, nomination, Mayawati
OUTLOOK 22 April, 2019
Advertisement