Advertisement
16 October 2018

राहुल का ऐलान, मध्य प्रदेश में सरकार बनते ही होगा किसानों का कर्ज माफ

मध्य प्रदेश के दौरे के दूसरे दिन श्योधर की रैली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की शिवराज सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने किसानों के लिए घोषणा करते हुए कहा कि राज्य में सरकार बनते ही कर्ज माफ होगा।

कांग्रेस अध्‍यक्ष ने अपील करते हुए कहा कि इस बार कांग्रेस पार्टी का साथ दीजिए। हम मध्य प्रदेश का चेहरा बदलकर दिखा देंगे। उन्होंने राज्य की शिवराज सिंह चौहान पर तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने 21 हजार घोषणाएं की हैं। मध्य प्रदेश की जनता के सामने भूख की समस्या है। किसानों की समस्या है और युवाओं के रोजगार की समस्या है। उन्होंने कहा कि मैं आपसे झूठी घोषणाएं नहीं करना चाहता। कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने के बाद मध्य प्रदेश में 10 दिन के अंदर किसानों का कर्जा माफ हो जायेगा।

हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार का किया था वादा

Advertisement

प्रधानमंत्री को आड़े हाथों लेते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आपने मोदी जी के वादे सुने और उनकी सच्चाई भी देख ली है। मोदी जी ने दो करोड़ युवाओं को हर साल रोजगार देने की बात कही थी, किसानों को सही दाम देने की बात की थी। क्या मिल गया? उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश कुपोषण में, महिलाओं पर अत्याचार में, किसानों की आत्महत्या, युवाओं की बेरोजगारी में पहले नंबर पर है और विकास में आखिरी नंबर पर है। पूरा देश इस बात को जानता है।

किसानों को मिलेगा सही दाम

राहुल गांधी ने कहा कि बैंक का पैसा छोटे व्यापारियों, सूक्ष्म और लघु उद्योग वालों को, युवाओं को मिलना चाहिए। हमारा लक्ष्य होगा कि आपके खून पसीने के पैसे को आपके हवाले करेंगे  कांग्रेस पार्टी किसान के खेत के पास हर जिले में फूड प्रोसेसिंग प्लांट लगा देगी। सही दाम आपको मिलेगा| युवाओं को रोजगार देने के लिये इंडस्ट्रियल पार्क, फैक्ट्रियां खोलेंगे। कांग्रेस की सरकार आयेगी तो आपके बीमा का पैसा किसानों के खेत के आधार पर दिया जायेगा।

चार साल में 15-20 अमीरों का किया कर्जा माफ

उन्होंने कहा कि आपका पैसा किसी उद्योगपति को नहीं दिया जायेगा लेकिन मोदी जी ने स्वयं पिछले साढ़े चार साल में 15-20 सबसे अमीर लोगों का 3 लाख 50 हजार करोड़ रुपया माफ किया। आपकी जेब से पैसा निकाला और हिंदुस्तान के सबसे अमीर लोगों की जेब में पैसा डाला। नरेन्द्र मोदी जी ने एचएएल से कांट्रैक्ट छीना और अपने मित्र अनिल अंबानी जी को राफेल हवाई जहाज का कांट्रैक्ट दिया। चौकीदार ने देश से पैसा छीनकर अनिल अंबानी की जेब में डाला। चौकीदार ने चोरी करवा दी।

गुरुद्वारे में टेका मत्था

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष अपने दौरे के दूसरे दिन ग्वालियर किले में दाता बंद गुरुद्वारे पहुंचे, जहां उन्होंने मत्था टेककर सरोपा भेंट किया गया। यात्रा के पहले दिन राहुल ने मंदिर और दरगाह में प्रार्थना की थी।उनसे ग्वालियर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया भी यहां पहुंचे। दौरे के पहले दिन उन्होंने अचलेश्वर महादेव, पीताम्बरा पीठ दतिया में पूजन और मोती मस्जिद में इबादत की थी।

पीताम्बरा मंदिर पहुंचे थे राहुल

सोमवार को राहुल गांधी ने अपने दो दिनों के ग्वालियर चंबल संभाग के चुनावी दौरे की शुरुआत दतिया में मां पीताम्बरा पीठ मंदिर दर्शन से की थी। यहां राहुल गांधी आधे घंटे से ज्यादा रुके और मां धूमावती के साथ ही मां पीताम्बरा की पूजा की।इसके बाद राहुल ने दतिया रैली में भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने राफेल और किसानों के मुद्दों पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री को घेरा। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि राफेल मामले में मोदी जी चुप हैं। वह खुद को चौकीदार कहते हैं, लेकिन इसी चौकीदार ने चोरी करवा दी। 

मध्यप्रदेश चुनाव को लेकर राज्य में खासी गहमागहमी मची हुई है। राहुल गांधी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के ताबड़तोड़ दौरे जारी है। अमित शाह का दो दिन का दौरा खत्म हो चुका है। वहीं, राहुल गांधी के दौरे का दूसरा दिन है। राहुल ने गुजरात चुनाव के दौरान कई मंदिरों में मत्था टेका था। उसी तरह वह मध्यप्रदेश में भी मंदिरों का दौरा कर रहे हैं। 

28 नवंबर को मतदान

मध्यप्रदेश में 28 नवंबर को मतदान होगा। मध्यप्रदेश में इस बार भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला है। भाजपा 15 साल से सत्ता पर काबिज है और इस बार वोटरों में उसके प्रति नाराजगी देखी जा रही है। सीएम शिवराज सिंह से सामने सत्ता बचाए रखने की चुनौती है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: MadhyaPradesh, Congress, President, Rahul Gandhi, visits, gurudwara, Data Bandi, Chhor, Gwalior
OUTLOOK 16 October, 2018
Advertisement