Advertisement
29 April 2017

योगी का दावा, ईवीएम मतलब 'एवरी वोट फाॅर मोदी'

योगी ने कहा, ईवीएम का मतलब ‘एवरी वोट मोदी’ | GOOGLE

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईवीएम का मतलब 'एवरी वोट फाॅर मोदी' बताते हुए कहा कि ईवीएम पर सवाल खडा करने वालों को समझ आ गया है कि जनता को दरकिनार कर कोई भी दल सत्ता में नहीं रह सकता।

मुख्यमंत्री बनने के बाद अपने दूसरे गोरखपुर दौरे में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए याेेेगी ने कहा, "अभी दिल्ली में हुए एमसीडी चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला है। और जो लोग ईवीएम पर तरह तरह के सवाल खडा कर रहे थे, उन्हें भी यह बात समझ में आ गई है कि जनता को दरकिनार कर कोई भी पार्टी सत्ता में नहीं रह सकती।"

उन्होंने आम आदमी पार्टी सहित विरोधी दलों पर निशाना साधते हुए कहा, जो लोग ईवीएम की कार्यप्रणाली पर सवाल खडा कर रहे थे, उन्हें अब मुंह की खानी पडी है। उन्हें अब मानना होगा कि...एवरी वोट फाॅर मोदी...।

Advertisement

योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्थानीय निकाय चुनाव शीघ्र होने वाले हैं। एेसे में जनता को विश्वास में लेकर भाजपा की नीतियों और कार्यक्रमों के लिए उसे प्रेरित करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश विधानसभा चुनाव में जिस प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनी है, वह सिर्फ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोक कल्याणकारी योजनाओं का प्रतिफल है।

अपनी सरकार की नीतियों की चर्चा करते हुए सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने बिना भेदभाव के सभी वर्ग के लोगों के लिए अपनी योजनाओं को लागू किया है। कानून व्यवस्था में परिवर्तन दिख रहा है। जनता को बिजली मिल रही है। बहू, बेटी, किसानों, व्यापारी और आम जनता के प्रति सरकार प्रतिबद्ध है।

 

 

TAGS: UTTARPRADESH, GORAKHPUR, Yogi, EVM, Avery Vote Modi, एवरी वोट मोदी, योगी, गोरखपुर, ईवीएम, परिभाषा
OUTLOOK 29 April, 2017
Advertisement