Advertisement
14 November 2017

अयोध्या में बोले योगी, राम के बगैर भारत में नहीं हो सकता कोई काम

अयोध्या में बोले योगी, राम के बगैर भारत में नहीं हो सकता कोई काम | google

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अयोध्या से राज्य में हो रहे निकाय चुनाव के लिए प्रचार अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर आयोजित रैली में उन्होंने कहा कि भगवान राम के बगैर भारत में कोई काम नहीं हो सकता। राम हमारी आस्था के प्रतीक हैं, वह भारत की पूरी आस्था के केंद्र बिंदु हैं।

राम जन्म भूमि-बाबरी मस्जिद विवाद सुलझाने के लिए अध्यात्मिक गुरु श्रीश्री रविशंकर के मध्यस्थता के प्रस्ताव पर योगी ने कहा कि इस मामले को सुलझाने कि लिए किसी भी अच्छे और फलदायक प्रयास का वह स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि जबसे उनकी सरकार बनी है राज्य में विकास का काम तेजी से चल रहा है। कानून-व्यवस्था पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

योगी ने लोगों से अपील की कि वे राज्य हो रहे निकाय चुनावों में भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाएं जिससे निचले स्तर पर भी विकास का काम तेजी से हो। मुख्यमंत्री उन सभी 16 नगर निगम क्षेत्रों में रैली में भाग लेंगे जहां चुनाव होने जा रहे है। राज्य के 24 जिलों में 22 नवंबर को, 25 जिलों में 26 नवंबर को और 26 जिलों में 29 नवंबर को चुनाव होने हैं। इस दौरान 16 नगर निगमों, 198 नगरपालिकाओं और 438 नगर पंचायतों के लिए वोट डाले जाएंगे। वोटों की गिनती एक दिसंबर को होगी। 36, 269 पोलिंग बूथ और 11,389 पोलिंग स्टेशन पर 3.32 करोड़ मतदाता वोट डालेंगे।

TAGS: Yogi, Ayodhya, India, Ram, babri, election
OUTLOOK 14 November, 2017
Advertisement