Advertisement
21 February 2019

अमित शाह का चंद्रबाबू नायडू पर निशाना, आपको पाक पीएम पर भरोसा लेकिन भारत के पीएम पर नहीं

ANI

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी में जनसभा को संबोधित करते हुए पुलवामा हमले पर कांग्रेस को घेरा। अमित शाह शक्ति केंद्र प्रमुखों के सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कांग्रेस समेत आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू पर निशाना साधा।

कांग्रेस ने पुलवामा घटना का किया राजनीतिकरण

अमित शाह ने कहा, ‘’कांग्रेस ने पुलवामा की दुखद घटना का राजनीतिकरण किया है। जिस दिन हमला हुआ उस दिन पीएम मोदी किसी कार्यक्रम में थे। कांग्रेस ने उसे मुद्दा बनाया। मैं कहना चाहता हूं कि पीएम मोदी 24 में से 18 घंटे देश के लिए काम करने वाले व्यक्ति हैं, आपके आरोपों का असर नहीं होगा। कांग्रेस किस मुंह से सवाल उठा रही है। यही कांग्रेस पार्टी सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल खड़ा करती है। कांग्रेस के सिद्धू, पाकिस्तान जाकर सेनाध्यक्ष को गले लगाने का काम करते हैं। भारत के सेना प्रमुख को गली का गुंडा कहते हैं। सोनिया आतंकी की मौत पर आंसू बहाती हैं।"

Advertisement

सरदार पटेल पीएम होते तो कश्मीर समस्या नहीं होती’

अमित शाह ने कहा कि हमें देशभक्ति मत सिखाओ कांग्रेसियों, हमारी रग-रग में देशभक्ति है। शाह ने पुलवामा के बहाने कश्मीर समस्या का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि  कश्मीर समस्या, पंडित जवाहरलाल नेहरू की वजह से है। अगर सरदार पटेल, देश के प्रधानमंत्री होते तो ये समस्या खड़ी नहीं होती। देश की सेना और जनता आतंकियों को सबक सिखाने के लिए साथ खड़ी है।

आपको भारत के प्रधानमंत्री पर भरोसा नहीं’

भाजपा अध्यक्ष ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘चंद्रबाबू नायडू, आपको पाकिस्तान के प्रधानमंत्री पर भरोसा है लेकिन भारत के प्रधानमंत्री पर नहीं। इतनी निचले स्तर की राजनीति मत करिए।‘

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Pakistan PM, bjp prez amit shah, chandrababu naidu, andhra pradesh, rajamundari
OUTLOOK 21 February, 2019
Advertisement