Advertisement
06 September 2025

नीतीश ने राजग कार्यकर्ताओं से किया संवाद, कहा-राज्य के विकास के बारे में लोगों को बताएं

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को बक्सर और भोजपुर जिलों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया और उनसे बिहार में हुए विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ ही दिनों में चुनाव हैं, ऐसे में सभी पूरी तरह सक्रिय रहें और बिहार के विकास के बारे में लोगों को बताएं।

नीतीश कुमार ने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारों ने कोई काम नहीं किया। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ समय के लिए हम उनके साथ थे, लेकिन जब वे गड़बड़ी करने लगे तो हम अलग हो गए। भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) और जदयू (जनता दल-यूनाइटेड) का पुराना संबंध है और हम मिलकर राज्य व देश के विकास के लिए काम कर रहे हैं।’’

Advertisement

मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को राजग की सरकार बनने के बाद से ही बिहार के विकास का कार्य जारी है और राज्य में कानून का राज कायम है। उन्होंने दावा किया कि सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है।

कुमार ने कहा, ‘‘हमने शुरू से ही सभी वर्गों-हिन्दू, मुस्लिम, अगड़ी जाति, पिछड़ी जाति, अति पिछड़ी जाति, दलित और महादलित के लिए काम किया है। मुस्लिम समुदाय के लिए भी हमने काफी कार्य किए हैं। मदरसों को सरकारी मान्यता दी गई है और मदरसा शिक्षकों को सरकारी शिक्षकों के बराबर वेतन दिया जा रहा है।’’

उन्होंने यह भी कहा, ‘‘मैं जो वादा करता हूं, उसे पूरा करता हूं। 2020 में युवाओं को 10 लाख सरकारी नौकरियां और 10 लाख रोजगार देने का लक्ष्य तय किया गया था। अब तक 10 लाख नौकरियां और 39 लाख रोजगार दिए जा चुके हैं। चुनाव से पहले ही 50 लाख से अधिक रोजगार दे दिए जाएंगे।’’

मुख्यमंत्री ने हाल ही में राज्य सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘सभी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को मिलने वाली पेंशन 400 रुपये से बढ़ाकर 1,100 रुपये कर दी गई है, जिससे 1.12 करोड़ लोगों को लाभ हो रहा है। 2018 में हर घर तक बिजली पहुंचा दी गई थी। अब लगभग सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट बिजली मुफ्त दी जा रही है।’’

सरकार की ओर से इच्छुक लोगों के घरों पर सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘इस योजना के तहत घर की एक महिला को स्वयं का रोजगार शुरू करने के लिए 10,000 रुपये की सहायता दी जाएगी। जिनका व्यवसाय अच्छा चलेगा, उन्हें दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।’’

इसके अलावा, उन्होंने कहा कि बिहार में नए उद्योगों की स्थापना के लिए मुफ्त जमीन और विशेष सहायता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है, जुलाई 2024 के बजट में सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन और बाढ़ नियंत्रण के लिए बिहार को विशेष आर्थिक सहायता दी गई है। उन्होंने कहा, ‘‘फरवरी 2025 के बजट में बिहार में मखाना बोर्ड, हवाई अड्डे की स्थापना और पश्चिमी कोसी नहर परियोजना के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा की गई है।’’

जीविका दीदियों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आप सभी आत्मविश्वास से आगे बढ़िए। सरकार हर स्तर पर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रही है।

इससे पहले उन्होंने बक्सर जिले में 603 करोड़ की लागत की 19 योजनाओं और भोजपुर जिले में 740 करोड़ की 432 विकासात्मक योजनाओं का शिलान्यास, कार्यारंभ किया।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस बिहारियों का अपमान कर ‘बी से बीड़ी’ कहती है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, केवल झूठ और भ्रम फैलाया जा रहा है।’’

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Nitish Kumar, NDA workers, development of the state
OUTLOOK 06 September, 2025
Advertisement