Advertisement
11 January 2021

तेजस्वी ने नीतीश को बताया ब्लैकमेलर और बार्गेनर, याद दिलाई उनकी राजनीति

तेजस्वी यादव, नीतीश कुमार

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार नेता नहीं बल्कि ब्लैकमेलर और बार्गेनर हैं। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर रविवार को महागठबंधन के घटक दलों के नेताओं की बैठक हुई। इसमें सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा के बाद जब वे बाहर आए तो नीतीश पर खूब बरसे।

तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार द्वारा हो रही बिहार की बर्बादी को सब लोग देख रहे हैं। वे एक ब्लैकमेलर और बार्गेनर हैं। वे नेता नहीं है। वे जनता के लिए नहीं बल्कि सिर्फ अपने लिए हैं।

दरअसल पत्रकारों ने तेजस्वी यादव से नीतीश कुमार के उस बयान के बारे में प्रतिक्रिया मांगी, जिसमें बिहार सीएम ने शनिवार को कहा था कि चुनाव के दौरान पता नहीं चला कि कौन साथ है और कौन नहीं। इस पर जवाब देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि यह जैसे को तैसा है। यदि आप नीतीश कुमार के इतिहास को देखेंगे तो पता चलेगा कि उन्होंने जॉर्ज फर्नांडिस, स्वर्गीय दिग्विजय सिंह और हमारी पार्टी के साथ क्या किया है। उन्होंने किसको धोखा नहीं दिया? उन्होंने पीछे के दरवाजे से सत्ता हासिल की है। उन्हें सत्ता की भूख है।

Advertisement

बिहार विधानसभा के आगामी बजट सत्र के बारे में चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मैं शनिवार को बिहार विधानसभा से अध्यक्ष से मिला था। इनकी तैयारी बजट सत्र को तीन चार दिन में निपटा देने की है। यह सरकार लोकतंत्र के लिए खतरा बन गई है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अगर विधानसभा सत्र परंपरागत ढंग से नहीं चला तो मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों के आवास का हमलोग घेराव करेंगे।

 

TAGS: तेजस्वी यादव, नीतीश कुमार, बिहार, राजनीति, Nitish Kumar, Tejashwi Yadav, Bihar, आरजेडी, जेडीयू
OUTLOOK 11 January, 2021
Advertisement