Advertisement
17 July 2024

अल्पसंख्यक समुदाय से कम समर्थन मिलने पर शुभेंदु अधिकारी ने कहा- सबका साथ, सबका विकास की जरूरत नहीं

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में पार्टी के खराब प्रदर्शन के लिए अल्पसंख्यक समुदाय से कम समर्थन मिलने को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि ‘‘सबका साथ, सबका विकास’’ की जरूरत नहीं है और इसके बजाय उन्होंने ‘‘हम उनके साथ जो हमारे साथ’’ का प्रस्ताव दिया।

भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के विस्तारित सत्र को संबोधित करते हुए अधिकारी ने पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा की जरूरत को भी खारिज कर दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने राष्ट्रवादी मुस्लिमों के लिए भी बात की है। हम सभी ‘सबका साथ, सबका विकास’ की बात किया करते हैं लेकिन आगे से अब मैं यह नहीं कहूंगा क्योंकि मेरा मानना है कि इसके बजाय यह ‘हम उनके साथ जो हमारे साथ’ होना चाहिए...अल्पसंख्यक मोर्चा की कोई जरूरत नहीं है।’’

 पश्चिम बंगाल में करीब 30 फीसदी अल्पसंख्यक मतदाता हैं।

साल 2014 में भाजपा ने ‘‘सबका साथ, सबका विकास’’ का नारा दिया था और 2019 में एक कदम आगे बढ़ते हुए इसे ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’’ कर दिया था।

Advertisement

अधिकारी ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव के दौरान ‘‘कई इलाकों में तृणमूल कांग्रेस के जिहादी गुंडों ने हिंदुओं को वोट नहीं डालने दिया।’’

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Subhendu Adhikari, Sabka saath Sabka vikas, BJP, Bangal BJP, Narendra Modi
OUTLOOK 17 July, 2024
Advertisement