Advertisement
28 August 2024

फर्रुखाबाद की घटना पर प्रियंका गांधी ने कहा: क्या अब दलित, पिछड़े, ​गरीब न्याय की आशा छोड़ दें

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में दो लड़कियों के शव बरामद किए जाने की घटना को लेकर बुधवार को राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा और सवाल किया कि क्या अब दलित, पिछड़े, वंचित, गरीब, महिलाएं, या जो भी कमजोर हैं, वे न्याय की आशा छोड़ दें।

प्रियंका गांधी ने लड़कियों के पिता का वीडियो ‘एक्स’ पर साझा करते हुए पोस्ट किया, ‘‘इतनी भयावह घटना के बाद एक पिता को ये सवाल क्यों उठाने पड़ रहे हैं? क्या एक पीड़ित पिता का ये भी हक नहीं कि उसे अपनी बेटी के साथ हुए सुलूक का सच पता चल सके? आखिर प्रशासन बच्चियों के शवों को जलाने की जल्दबाजी क्यों दिखा रहा है?’’ उन्होंने कहा कि फर्रुखाबाद में दो दलित लड़कियों के साथ घटी घटना पर प्रशासन का रवैया कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘हाथरस हो, उन्नाव हो या फर्रुखाबाद - सब जगह वही क्रूर कहानी दोहराई जाती है। तो क्या अब दलित, पिछड़े, वंचित, गरीब, महिलाएं, या जो भी कमजोर हैं, वे न्याय की आशा छोड़ दें?’’

Advertisement

फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में जन्माष्टमी के पर्व पर मंदिर के लिए घर से निकलीं 15 और 18 वर्ष की दो सहेलियों के शव मंगलवार को एक बाग में आम के पेड़ से लटके पाए गए थे।

घटना के एक दिन बाद चिकित्सकों के एक पैनल ने बुधवार को कहा कि पोस्टमार्टम के बाद यह निष्कर्ष निकला है कि दोनों लड़कियों की मृत्यु दम घुटने से हुई है और इससे दोनों के आत्महत्या करने का संकेत मिलता है।

इस बीच, एक मृतक लड़की के पिता ने आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आए तथ्य झूठे हैं और यह रिपोर्ट फर्जी है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Farrukhabad incident, Priyanka Gandhi, BJP, Congress, Farrukhabad girl death, Yogi adityanath
OUTLOOK 28 August, 2024
Advertisement