Advertisement
19 March 2015

संसद में उठा आइएएस की मौत का मामला

पीटीआइ

लोकसभा में शून्यकाल के दौरान भाजपा के प्रहलाद जोशी द्वारा यह मामला उठाए जाने पर सिंह ने कहा कि इस बारे में सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मिला है और उसने सीबीआइ जांच की मांग की थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने इस मांग के बारे में राज्य के मुख्यमंत्री से बात की और उन्होंने कहा कि वह इस मामले में जानकारी ले रहे हैं और दो दिन बाद उन्हें सारी स्थिति से अवगत कराएंगे। सिंह ने कहा, अगर राज्य सरकार ने सीबीआइ जांच के लिए कहा तो केन्द्र तुरंत इस दिशा में कदम उठाएगा।

जोशी ने इस मामले को उठाते हुए आरोप लगाया कि यह संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला लगता है, इसलिए सचाई सामने लाने के लिए सीआइडी की बजाय सीबीआइ से जांच कराई जानी चाहिए।

इस मुद्दे पर कर्नाटक से भाजपा सांसदों ने सदन के बाहर संसद भवन परिसर में भी विरोध जताया और सीबीआइ जांच नहीं कराने के लिए राज्य की कांग्रेस सरकार की आलोचना की।

Advertisement

राज्यसभा में शून्यकाल शुरू होते ही भाजपा के बसवा राज पाटिल ने यह मुद्दा उठाते हुए रवि की मौत से जुडे़ मामले की पूरी जांच कराये जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मृत आइएएस अधिकारी के माता-पिता भी सीबीआइ जांच की मांग को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं ताकि इस पूरे मामले का सच सामने आ सके।

उन्होंने कहा कि कर्नाटक में पूरा विपक्ष इस मामले की सीबीआइ जांच की मांग कर रहा है।

गौरतलब है कि 36 वर्षीय आइएएस अधिकारी रवि का शव गत सोमवार को उनके बेंगलूर स्थित फ्लैट में पंखे से लटकता हुआ मिला था। पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला बताया। कर्नाटक की कांगे्रस सरकार ने इस मामले की सीबीआई जांच से इंकार करते हुए कहा कि मामले में सीआईडी की केन्द्रीय जांच विभाग की जांच पर्याप्त होगी।

TAGS: संसद, आइएएस, डीके रवि, मौत, बेंगलूरू, कर्नाटक, जांच
OUTLOOK 19 March, 2015
Advertisement