Advertisement
09 August 2023

राहुल गांधी ने सदन में दिया फ्लाइंग किस? बीजेपी महिला सांसदों ने स्पीकर से की शिकायत, भड़कीं स्मृति ईरानी

लोकसभा में "अविश्वास प्रस्ताव" पर दूसरे दिन के बहस के दौरान तब बवाल मच गया जब स्मृति ईरानी अपना वक्तव्य देने के लिए खड़ी हुईं। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी पर अमर्यादित आचरण का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने यहां (संसद) से जाते जाते एक अभद्र लक्षण के दर्शन दिए। अब इसपर सत्ता पक्ष ने राहुल गांधी को घेरना शुरू कर दिया है। और तो और लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखकर कार्रवाई करने की मांग भी की गई है।

एनडीए महिला सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर बीजेपी सांसद स्मृति ईरानी के प्रति अनुचित इशारा करने और सदन में अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

भारतीय जनता पार्टी की महिला सांसदों ने बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भेंट की और सदन में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के संबोधन के दौरान कथित तौर पर अभद्र भाव भंगिमा प्रदर्शित करने को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

Advertisement

लोकसभा अध्यक्ष को संबोधित भारतीय जनता पार्टी की 20 महिला सांसदों के हस्ताक्षर वाले शिकायत पत्र में कहा गया है, ‘‘हम आपका ध्यान आज सदन में केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी से संबंधित एक घटना की ओर दिलाना चाहती हैं। उक्त सदस्य ने अभद्र आचरण प्रदर्शित किया और केंद्रीस मंत्री एवं सदन की सदस्य स्मृति ईरानी को लेकर अभद्र भावभंगिमा प्रदर्शित की जब वह सदन को संबोधित कर रही थी।’’

भाजपा की महिला सांसदों ने मांग की कि सदस्य (राहुल) के ऐसे अभद्र आचरण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए जिन्होंने न केवल सदन में एक महिला सदस्य को अपमानित किया है बल्कि इस सदन की गरिमा को कम किया है।

लोकसभा अध्यक्ष को संबोधित शिकायत पत्र पर हस्ताक्षर करने वाली महिला सांसदों में केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे, दर्शना जरदोश, अन्नपूर्णा देवी सहित पार्टी सांसद रेखा वर्मा, देवश्री चौधरी, संघमित्रा मौर्य, अपराजिता सारंगी, प्रतिभा भौमिक आदि शामिल हैं।

भाजपा सांसद स्मृति ईरानी ने कहा, "संसद में पहले कभी किसी व्यक्ति का स्त्रीद्वेषी व्यवहार इतना स्पष्ट नहीं हुआ जितना आज राहुल गांधी ने किया। जब लोक सभा, जहां महिलाओं की गरिमा की रक्षा के लिए कानून बनाए जाते हैं, एक सत्र के दौरान एक पुरुष की स्त्रीद्वेष की गवाह बनती है, तो मेरा सवाल यह है कि क्या उसे कठघरे में खड़ा किया जाना चाहिए?"

भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा, "फ्लाइंग किस देते हैं। राहुल गांधी को क्या हो गया है ? उन्हें तमीज है या नहीं। सदन में इतनी महिलाएं बैठी हुई हैं। यह बहुत पीड़ादायक है। बाकी उनका भाषण क्या था...भारत माता की हत्या कर दी ? आप चीन से फंडिंग लें, लेकिन याद रहे भारत माता अजेय और अमर हैं। राहुल गांधी जितना ज्यादा बोलते हैं, उतना अपने व्यक्तित्व को हल्का करते हैं।"

केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद शोभा करंदलाजे ने राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा, "यह पहली बार हुआ है जब सदन में किसी सांसद ने ऐसा व्यवहार किया हो। उन्होंने सदन में महिला सांसदों की तरफ फ्लाइंग किस का इशारा किया। यह अस्वीकार्य है। हमने उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष से शिकायत की है।"

इससे पहले स्मृति ईरानी ने अपने संबोधन के दौरान कथित तौर पर राहुल गांधी के व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए कहा,"मुझे एक बात पर आपत्ति है। जिसे मुझसे पहले वक्तव्य देने का मौका दिया गया, उन्होंने जाने से पहले अभद्रता भरे लक्षण दिखाए। यह केवल एक स्त्री-द्वेषी व्यक्ति ही कर सकता है जो संसद की तरफ फ्लाइंग किस देता है, जहां महिलाओं के बैठने की जगह भी है। देश की संसद में ऐसा अमर्यादित आचरण पहले कभी नहीं देखा गया।"

बता दें कि आज बुधवार को अविश्वास प्रस्ताव पर बहस की शुरुआत राहुल गांधी के वक्तव्य के साथ हुई। उन्होंने मोदी सरकार पर कई हमले किए। संबोधन के पश्चात वह संसद से बाहर निकले। लेकिन कथित तौर पर राहुल गांधी के एक अमर्यादित इशारे के लिए स्मृति ईरानी ने उनपर निशाना साधा। अब राहुल गांधी पर सत्ता पक्ष हमलावर हो गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Lok Sabha, Smriti Irani, Rahul Gandhi, Flying Kiss, Parliament, complaint, Speaker
OUTLOOK 09 August, 2023
Advertisement