Advertisement
01 August 2018

उत्कृष्ट सांसद सम्मान से नवाजी गईं नजमा हेपतुल्ला

पांच बार की राज्यसभा सांसद रहीं मणिपुर की राज्यपाल नजमा ए. हेपतुल्ला को बुधवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उत्कृष्ट सांसद सम्मान प्रदान किया। उन्हें वर्ष 2013 के लिए यह सम्मान दिया गया है। संसद के सेंट्रल हॉल में आयोजित समारोह में उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन सहित कई मंत्री भी मौजूद थे।

इस मौके पर राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की आत्मा हमारी संसद में बसती है। संभवतः इसीलिए संसद को लोकतंत्र का मंदिर भी कहा जाता है। उन्होंने कहा कि सांसद, केवल किसी एक दल या संसदीय क्षेत्र के प्रतिनिधि नहीं होते हैं, वे हमारे संवैधानिक आदर्शों के संवाहक होते हैं।

कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद (2015), तृणमूल कांग्रेस के दिनेश त्रिवेदी (2016), भाजपा के हुक्मदेव नारायण यादव (2014)  और बीजू जनता दल भर्तृहरी महताब (2017) को भी यह सम्मान दिया गया। इन सभी का चयन लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन की अध्यक्षता वाले भारतीय संसदीय समूह (आइपीजी) ने किया किया था।

Advertisement

उत्कृष्ट सांसद पुरस्कार 1995 में शुरू किए गए थे। अभी तक 18 सांसदों को यह पुरस्कार प्राप्त हुआ है। यह पुरस्कार पाने वाले पहले सदस्य समाजवादी जनता पार्टी के चंद्रशेखर थे।

TAGS: Najma Heptulla, conferredby, Outstanding, Parliamentarian, award
OUTLOOK 01 August, 2018
Advertisement