Advertisement
18 March 2015

संसद में स्मृति के सम्मान में शरद

पीटीआइ

शून्यकाल में सदन के नेता एवं वित्त मंत्री अरुण जेटली ने यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि 16 मार्च को मीडिया के एक वर्ग में आयी खबरों में यादव की टिप्पणी को लेकर एक बेहद अनुचित धारणा बनी है। उन्होंने कहा कि यादव को इस मामले में अपना पक्ष रखकर विवाद को समाप्त करना चाहिए।

इस पर यादव ने कहा, मुझे खुद अफसोस है..मैं गौंडवाना क्षेत्र का रहने वाला हूं जहां मातृ संस्कृति को माना जाता है। उन्होंने कहा कि वह मौजूदा सरकार में दो मंत्रियों वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री निर्मला सीतारमण एवं स्मृति ईरानी का बहुत सम्मान करते हैं। वह निर्मला को बेहद योग्य मंत्री मानते हैं।

उन्होंने कहा कि जब स्मृति ईरानी की डिग्री को लेकर विवाद उठा था तो उसमें उन्होंने मंत्री का बचाव किया था। अपनी विवादस्पद टिप्पणी की ओर संकेत करते हुए यादव ने कहा, मेरा वैसा आशय नहीं था। मैं उनका बेहद सम्मान करता हूं।

Advertisement

यादव के स्पष्टीकरण का विभिन्न दलों के सदस्यों ने मेजें थपथपाकर स्वागत किया।

गौरतलब है कि पिछले हफ्ते बीमा विधेयक के बारे में उच्च सदन में चर्चा में भाग लेते हुए यादव ने देश के एक विशेष भाग की महिलाओं पर टिप्पणी की थी जिस पर काफी विवाद हो गया था। सोमवार को जब सदन में स्मृति, द्रमुक सदस्य कनिमोडी एवं अन्य ने यादव की टिप्पणी का मुद्दा उठाया था तो यादव अपनी टिप्पणी पर अड़े रहे। इसी दौरान उन्होंने स्मृति से कहा था, आप कौन हैं...।

TAGS: शरद यादव, स्मृति ईरानी, संसद, सम्मान
OUTLOOK 18 March, 2015
Advertisement