10 February 2025
लोकसभा में दिखा दिल्ली चुनाव के नतीजों का असर, सत्तापक्ष के सदस्यों ने लगाए ’मोदी-मोदी’ के नारे
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत की पृष्ठभूमि में पार्टी सदस्यों ने सोमवार को लोकसभा में ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाए।
बीते आठ फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद संसद के वर्तमान बजट सत्र का आज पहला कामकाजी दिन था।
सदन की कार्यवाही आरंभ होते ही भाजपा के कई सदस्य अपने स्थान पर खड़े हो गए और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए नारे लगाने लगे। उन्होंने ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाए।
Advertisement
सत्तापक्ष के सदस्यों की नारेबाजी के बीच ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल शुरू करवाया।
भाजपा ने दिल्ली की 70 विधानसभा सीट में से 48 सीट पर जीत हासिल की। भाजपा ने आम आदमी पार्टी (आप) को पराजित करके 26 साल से अधिक समय के बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की है। आप को सिर्फ 22 सीटें मिलीं।