Advertisement
18 September 2020

अनुराग ठाकुर के नेहरू-गांधी को लेकर की गई टिप्पणी पर लोकसभा में हंगामा, विपक्ष ने की माफी मांगने की मांग

लोकसभा में कराधान और अन्य विधियां (कतिपय उपबंधों का संशोधन एवं छूट) विधेयक 2020 पेश किये जाने के दौरान लोकसभा में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की गांधी नेहरू पर टिप्पणी के बाद कांग्रेस सांसदों ने जमकर हंगामा किया। संसद के मॉनसून सत्र के अंतर्गत आज फाइनेशियल बिल पर चर्चा के दौरान सोनिया गांधी और गांधी परिवार का नाम लेने पर यह हंगामा हुआ। भाजपा सांसद और केंद्रीय वित्‍त राज्‍य मंत्री मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा सोनिया गांधी और नेहरू-गांधी का नाम लिया गया तो कांग्रेस सांसद भड़क गए और जमकर हंगामा किया। कांग्रेस नेताओं ने इसे लेकर माफी मांगने की मांग की है। वहीं कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी अनुराग ठाकुर पर विवादित बयान दे दिया।

अनुराग ठाकुर ने कहा था कि हाईकोर्ट से सुप्रीम कोर्ट तक, हर कोर्ट ने पीएम केयर्स फंड को सही ठहराया। छोटे-छोटे बच्चों ने गुल्लक तोड़कर चंदा दिया। उन्‍होंने आगे कहा, नेहरूजी ने फंड बनाया आज तक उसका रजिस्ट्रेशन नहीं कराया। आपने केवल एक परिवार गांधी परिवार के लिए ट्रस्ट बनाया था। सोनिया गांधी को अध्यक्ष बनाया था, इसकी जांच होनी चाहिए तो दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा।

अनुराग ठाकुर की इस टिप्‍पणी का कांग्रेस सांसदों ने जमकर विरोध करते हुए हंगामा किया। लोकसभा में कांग्रेस संसदीय दल के नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी ठाकुर पर विवादित टिप्पणी कर दी। उन्होंने कहा, 'हिमाचल का ये *** कहाँ से आ गया? ये *** कहाँ से आ गया? नेहरूजी कहां से आ गए बहस में? हमने मोदीजी का नाम लिया क्या? ये तीन दिन का ***.' हंगामे के बीच लोकसभा स्‍पीकर ओम बिरला को सदन की कार्यवाही चलाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यह गरमाहट तब और बढ़ गई जब तृणमूल सांसद ने स्‍पीकर पर आरोप लगाया कि वे बीजेपी सांसदों का बचाव करते हैं। उन्‍होंने कहा-आप चाहे तो हमें निकाल दीजिए। ये नहीं चलेगा। हम नहीं चलने देंगे। दरअसल, स्‍पीकर ने कहा था कि कोई यदि सुरक्षा से खिलवाड़ करने की कोशिश करेगा तो नाम लेकर सदन से बाहर जाने को भी कह सकता हूँ। मास्क लगा कर बोलिए।

Advertisement

कांग्रेस संसद शशि थरूर ने कहा कि जब मंत्री एक नया विधेयक लेकर आए और उसमें कोई आपत्ति हो तो हम इंट्रोडक्शन का विरोध कर सकते हैं। टैक्सेशन बिल में 2-3 कठिनाई हैं, जो हमने बताई। अनुराग ठाकुर ने जवाब देने की बजाय राजनीतिक भाषण दिया। नेहरू जी, सोनिया गांधी जी का ज़िक्र करके सदन में शोर मचाया।


अनुराग ठाकुर ने जो आरोप लगाए, जिस कठोर भाषा में बात की। इसपर विपक्ष ने कहा कि माफी मांगो। इसके बाद 2 बार हाउस स्थगित हो गया है, लेकिन वो माफी नहीं मांग रहे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Parliament Monsoon Session, Anurag Thakur, Sonia Gandhi, Gandhi Family, PM Cares Fund, लोकसभा, अनुराग ठाकुर, नेहरू-गांधी, लोकसभा में हंगामा, विपक्ष
OUTLOOK 18 September, 2020
Advertisement