Advertisement
01 June 2024

पीएम मोदी का ध्यान साधना: भाजपा ने विपक्ष पर लगाया राजनीति करने का आरोप

पीएम मोदी का ध्यान साधना: भाजपा ने विपक्ष पर लगाया राजनीति करने का आरोप

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को विपक्षी दलों पर कन्याकुमारी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ध्यान लगाने पर राजनीति करने का आरोप लगाया।

भाजपा ने कहा कि विपक्ष के लोग न तो भारत को समझते हैं और न ही भारतीयता को समझते हैं।

भाजपा के प्रवक्ता और सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि मोदी भारत राष्ट्र के सांस्कृतिक और पारंपरिक लोकाचार के साथ जीते हैं, जो देश के विभिन्न भागों में स्थित मंदिरों में तथा यहां तक कि बलूचिस्तान जैसे स्थान में भी दिखाई देते हैं।

उन्होंने कहा कि विपक्ष इसे कभी नहीं समझ सकता, क्योंकि वह सनातन धर्म को मिटाना चाहता है और 'शक्ति' से लड़ना चाहता है।

त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल भारत की परंपराओं, मंदिरों और इसके पवित्र स्थलों के पुनरुद्धार के प्रयासों से नफरत करते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे मौन साधना में लीन एक नेता से भी नफरत करते हैं।

उन्होंने जवाहरलाल नेहरू और राहुल गांधी का नाम लेते हुए कहा कि लेकिन मुगल शासक बाबर की कब्र पर श्रद्धांजलि अर्पित करना उनकी परंपरा है।

त्रिवेदी ने यह भी कहा कि उन्होंने इफ्तार का भी आयोजन किया जिसमें न तो मेजबान और न ही मेहमान रोजा रखने वाले थे।

 

TAGS: PM Modi mediation, BJP, Congress, Loksabha election 2024, Sudhanshu trivedi
OUTLOOK 01 June, 2024
Advertisement