Advertisement
16 July 2025

राहुल गांधी का दावा, "असम में जीतेगी कांग्रेस"; लेकिन भाजपा की कड़ी चुनौती बरकरार

छयगांव में एक सार्वजनिक रैली में राहुल गांधी ने कहा, "असम के लोग सच्चाई जानते हैं... जल्द ही चुनाव होंगे और कांग्रेस उन चुनावों में जीत हासिल करेगी। हमने यहां एक नई टीम बनाई है... हमने काम शुरू कर दिया है और असम के लोग जल्द ही परिणाम देखेंगे।"

साल 2026 में असम में विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस की नजर अपने किले को फिर से हासिल करने पर है। कांग्रेस पिछले दो चुनावों में करारी हार का सामना कर रही है। भाजपा ने ये दोनों चुनाव जीते हैं। हालांकि, पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अपने प्रदर्शन में सुधार किया था और इस बार पार्टी सत्ता में आने की उम्मीद कर रही है।

अपनी तैयारियों को पुख्ता करने के लिए कांग्रेस ने असम के जोरहाट से सांसद गौरव गोगोई को स्टेट प्रेसिडेंट बनाया है। उन्होंने भूपेन कुमार बरुआ की जगह ली है। गोगोई लोकसभा में कांग्रेस के उप-नेता भी हैं। माना जाता है कि गोगोई का राहुल गांधी से करीबी रिश्ता है।

Advertisement

हालांकि, कांग्रेस के लिए असम का रास्ता उतना आसान नहीं होगा। भाजपा यहां एक बड़ा खिलाड़ी बनकर उभरी है। पिछले दो विधानसभा चुनावों से वह सत्ता में काबिज है। ऐसा करने वाली भाजपा पहली गैर-कांग्रेसी पार्टी बनी है।

गोगोई के सामने भाजपा के फायर-ब्रांड नेता और असम के सीएम हिमंता बिस्वा शर्मा की चुनौती होगी। अपनी हिंदुत्ववादी छवि के कारण शर्मा न केवल असम बल्कि पूरे देश में प्रसिद्ध हैं। माना जाता है कि न केवल असम बल्कि पूरे नॉर्थ-ईस्ट में भाजपा के विस्तार में उनका अहम रोल रहा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Assam Assembly Election 2026, Rahul Gandhi, Gaurav Gogoi, Congress, BJP, Himanta Biswa Sarma, INDIA Alliance, Chhaygaon Rally, Assam Congress, Battle for Power
OUTLOOK 16 July, 2025
Advertisement