Advertisement
10 August 2018

विपक्षी महागठबंधन का हिस्सा नहीं होगी केजरीवाल की आम आदमी पार्टी

File Photo

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी हरियाणा में विधानसभा चुनाव के साथ-साथ लोकसभा की सभी सीटों पर भी चुनाव लड़ेगी।

रोहतक में मीडिया से बातचीत में केजरीवाल ने कहा है कि 2019 का लोकसभा चुनाव उनकी पार्टी अकेले ही लड़ेगी। वह भाजपा के खिलाफ बने महागठबंधन का हिस्सा नहीं होंगे। जो पार्टियां संभावित महागठबंधन में शामिल हो रही हैं, उनकी देश के विकास में कोई भूमिका नहीं रही है। उन्होंने केन्द्र सरकार पर दिल्ली में कराए जाने वाले विकास कार्यों में रोड़े अटकाने का आरोप लगाया है।

केजरीवाल ने दिल्ली के रुके हुए कामों के लिए केन्द्र की मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उनके हर उस कदम को रोका गया जो आम जनता की भलाई के लिए था। उन्होंने कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर सिर्फ दिखावा कर रही है। उसे लोगों की भावनाओं से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने हरियाणा की भाजपा सरकार को भी आड़े हाथों लेते हुए दिल्ली के मुकाबले हरियाणा को विकास के क्षेत्र में पिछड़ा हुआ करार दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार जब पूर्ण राज्य न होते हुए भी बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति ला सकती है तो हरियाणा में खट्टर सरकार ऐसा क्यों नहीं कर सकती है। केजरीवाल ने अंबाला के शहीद हुए जवान के परिवार के लिए हरियाणा सरकार से एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता की मांग की है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: AAP, alliance, mahagadhbandhan, 2019, election
OUTLOOK 10 August, 2018
Advertisement