Advertisement
19 June 2024

कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद किरण चौधरी बेटी श्रुति के साथ भाजपा में हुईं शामिल, पार्टी पर लगाए ये गंभीर आरोप

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल की पुत्रवधू और कांग्रेस की विधायक किरण चौधरी और उनकी बेटी श्रुति चौधरी आज भाजपा में शामिल हो गई। किरण चौधरी ने भाजपा मुख्यालय दिल्ली में पार्टी की सदस्यता लीं। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्‌टर व सीएम नायब सैनी ने उन्हें भाजपा की प्राथमिक सदस्यता दिलाई।

भाजपा सदस्यता दिलाने के बाद हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि मैं किरण चौधरी का पार्टी में स्वागत करता हूं। उन्होंने कहा कि इनका शरीर कांग्रेस में रहा लेकिन मन बीजेपी में रहा। किरण चौधरी और श्रुति को पार्टी में पूरा सम्मान मिलेगा।

किरण चौधरी ने त्‍यागपत्र सौंपते हुए कांग्रेस पर आरोप लगाए थे। उन्‍होंने अपने त्‍यागपत्र में लिखा कि मैं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्‍तीफा दे रही हूं। उन्‍होंने लिखा कि मैं पिछले चार दशकों से कांग्रेस पार्टी की एक वफादार और दृढ़ सदस्य रही हूं। साथ ही इन सालों में मैंने अपना जीवन पार्टी और उन लोगों के लिए समर्पित कर दिया है जिनका मैं प्रतिनिधित्व करती हूं।

Advertisement

बता दें कि किरण चौधरी और श्रुति ने बीती शाम (18 जून) को कांग्रेस छोड़ी थी। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को इस्तीफा भेजा था। जिसमें किरण ने लिखा कि यहां पार्टी को निजी जागीर की तरह चला रहे हैं। मुझे बेइज्जत किया गया। किरण चौधरी लोकसभा चुनाव में अपनी बेटी श्रुति चौधरी की भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से टिकट कटने के बाद से ही नाराज दिख रही थी।

किरण ने खुलकर मीडिया के सामने कई बार राजनीतिक तौर पर उन्हें खत्म करने की साजिश रचने के आरोप लगाए। किरण चौधरी को भाजपा हरियाणा से राज्यसभा भेज सकती है। श्रुति चौधरी को तोशाम से विधानसभा चुनाव लड़ाया जा सकता है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Resigning from Congress, Kiran Chaudhary, joined BJP, daughter Shruti, serious allegations against the party
OUTLOOK 19 June, 2024
Advertisement