Advertisement
08 November 2020

बाइडेन की जीत के बाद अखिलेश का मोदी पर निशाना, भारत में झूठ की जगह नहीं

FILE PHOTO

अमेरिका में चुनाव परिणाम के जरिये अप्रत्यक्ष रूप से केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प के बारे में चर्चा है कि उन्होने अपने कार्यकाल के दौरान 22 हजार बार झूठ बोला लेकिन भारत में झूठ का कोई स्थान नही है। 

सपा नेता ने रविवार को अमेरिकी चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि इसका संदेश दूर तक जाएगा। उन्होंने कहा भाजपा नफरत और समाज को बांटने की राजनीति करती है। समाजवादी हमेशा सद्भाव, सबका सम्मान तथा सबके हित में काम करने में विश्वास करते हैं।

उन्होने अमेरिकी सर्वे का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां पत्रकारों ने जानकारी दी कि राष्ट्रपति ट्रम्प ने 22 हजार से ज्यादा बार झूठ बोला है लेकिन भारत में झूठ के लिए कोई स्थान नहीं है। सत्य के रास्ते से ही समाज व देश का कल्याण हो सकता है। अखिलेश यादव ने कहा कि देश में किसान सबसे ज्यादा दुखी है। भाजपा सरकार ने नए कानून लाकर उसे परेशान किया है। किसान की खेती पर संकट है। उसको बाजार की दया पर छोड़ दिया गया है, यह किसानों के साथ दुश्मनी निभाने जैसा है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि आज के ही दिन आठ नवम्बर 2016 को देश में अचानक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नोटबंदी कर दी थी। इस नोटबंदी से लोगों का घर में रखा पैसा बैंक में जमा हो गया। लोग तो कंगाल हो गए और अमीर जमा धन लूट कर विदेश भाग गए। देश आर्थिक संकट में फंस गया है। नोटबंदी से व्यापार चौपट हुआ। रोजगार छिन गए। नौजवानों के सपनों को मार दिया गया। देश खुशहाली के रास्ते से पीछे चला गया। इससे पहले मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी के पुरोहित परिवार के सदस्य राज मिश्र ने अपने अनुयायियों के साथ सपा में शामिल हुये। उन्होने दावा किया कि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों में सम्पूर्ण बहुमत के साथ समाजवादी सरकार बनेगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Akhilesh Yadav, targeted, Modi, government, US, elections, India
OUTLOOK 08 November, 2020
Advertisement