Advertisement
04 July 2021

अखिलेश यादव ने साधा निशाना, कहा- बीजेपी यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का ट्रांसफर उत्तराखंड करे

FILE PHOTO

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा है। उन्होंने उत्तराखंड के सियासी हालात पर टिप्पणी करते हुए कहा कि भाजपा को यूपी के मुख्यमंत्री को उत्तराखंड भेज देना चाहिए। ताकि नेतृत्व परिवर्तन के झंझट से मुक्ति मिल जाए। यूपी में मुख्यमंत्री जी के कारण लोकतंत्र चोटिल हुआ है। उत्तराखंड में लोकतंत्र अस्थिरता का शिकार हो गया है। ऐसे में भाजपा की राजनीति की बेहतरी और दोनों राज्यों में स्थिरता की बहाली के लिए यूपी के मुख्यमंत्री जी को उत्तराखंड स्थानांतरित कर दिया जाए।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों प्रदेशों में किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। व्यापारी परेशान है। नौजवानों का भविष्य अंधकारमय है। उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र रसातल पर है। जनता में भाजपा सरकार के प्रति असंतोष बढ़ता जा रहा है। दोनों राज्यों में पलायन की समस्या समान रूप से गम्भीर है। दोनों राज्यों में बेरोजगारी, महंगाई बढी है। स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। भ्रष्टाचारियों का बोलबाला है। विकास अवरुद्ध है।

सपा नेता ने भाजपा का नाम लिए बिना उस पर तंज कसा है। एक ट्वीट में अखिलेश ने राम मंदिर के चंदे और रक्षा सौदों का जिक्र किया है। हाल ही में राफेल डील की फ्रांस में जांच और राम मंदिर के निर्माण के लिए भूमि खरीद में घोटाले के मामले चर्चित रहे थे। ट्वीट में अखिलेश यादव ने लिखा- 'कुछ लोग न जाने क्‍यों अपना ईमान इस हद तक गिरा देते हैं, आस्‍था के चंदे और देश की रक्षा के सौदों में भी कमा लेते हैं।'

Advertisement

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश दोनों राज्यों में बेरोजगारी में लगातार बढ़ती जा रही है। दोनों राज्यों में जबसे भाजपा की सरकार बनी है, महंगाई और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। महिलाओं का सम्मान के साथ जीना दूभर हो गया है। दोनों प्रदेशों में किसानों के साथ अन्याय हो रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की झूठे वादों और नफरत फैलाने की राजनीति ने समाज को बांटा है। वह सद्भाव बिगाड़ रही है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के कामों को ही अपना बताकर भ्रम फैला रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुशासन से जनता त्रस्त हो गई है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी। सपा की सरकार बनने पर लोकतंत्र कायम हो सकेगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Akhilesh Yadav, targeted, BJP, UP, CM, Yogi Adityanath, Uttarakhand
OUTLOOK 04 July, 2021
Advertisement