Advertisement
29 September 2024

'अकेले या गठबंधन में...झारखंड चुनाव जरूर लड़ेगी लोजपा 'रामविलास'', चिराग पासवान का बड़ा ऐलान

केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी झारखंड विधानसभा चुनाव लड़ेगी और गठबंधन या अकेले चुनाव लड़ने सहित सभी विकल्पों पर चर्चा चल रही है।

पासवान का यह बयान असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के उस बयान के एक दिन बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि भगवा पार्टी आजसू पार्टी और जनता दल (यूनाइटेड) के साथ गठबंधन में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। 

बता दें कि सरमा झारखंड चुनाव के लिए भाजपा के सह-प्रभारी भी हैं। लोजपा (रामविलास) केंद्र में भाजपा नीत एनडीए सरकार का हिस्सा है।

Advertisement

केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री पासवान ने रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, "लोजपा की राज्य इकाई गठबंधन या अकेले चुनाव लड़ने सहित सभी विकल्पों पर चर्चा कर रही है।"

पासवान रविवार को धनबाद में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड में लोजपा (रामविलास) का मजबूत जनाधार है।

उन्होंने कहा, "जब मेरा जन्म हुआ, तब झारखंड एकीकृत बिहार का हिस्सा था। यह मेरे पिता की कर्मभूमि रही है। पार्टी ने राज्य में मजबूत जनाधार विकसित किया है। ऐसे में यह निर्णय लिया गया है कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी।"

असम के सीएम ने शनिवार को कहा, "भाजपा झारखंड चुनाव में आजसू पार्टी और जेडी(यू) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ेगी। सहयोगी दलों के साथ 99 फीसदी सीटों पर समझौता हो चुका है। शेष एक या दो सीटों के लिए चर्चा चल रही है और इसे जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा।"

सरमा ने कहा कि इस संबंध में औपचारिक घोषणा 'पितृ पक्ष' के बाद की जाएगी, जो 2 अक्टूबर को समाप्त हो रहा है। झारखंड में 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव इस साल के अंत में होने वाले हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Chirag paswan, lok janshakti party, ramvilas, bjp, jharkhand assembly elections
OUTLOOK 29 September, 2024
Advertisement