Advertisement
16 July 2018

मध्यप्रदेश में ‘आप’ के सीएम फेस होंगे आलोक अग्रवाल, चुनाव प्रचार का किया आगाज

File Photo

इस साल के अंत में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए सभी राजनैतिक दलों ने चुनावी तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी हैं। रविवार को इंदौर की एक रैली में दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आलोक अग्रवाल को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने की घोषणा कर चुनाव प्रचार का आगाज कर दिया है। इस चुनावों में कांग्रेस-भाजपा के अलावा अन्य दल भी गंभीरता से ताल ठोंकते नजर आ रहे हैं। बसपा, समाजवादी पार्टी के बाद आम आदमी पार्टी इस बार मध्य प्रदेश की सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।

आलोक अग्रवाल के बारे में बताते हुए केजरीवाल ने कहा, 'आलोक अग्रवाल आईआईटी से पढ़े हैं, ये चाहते तो अमेरिका जा सकते थे लेकिन इन्होंने आईआईटी से पढ़ने के बाद नर्मदा के लोगों की सेवा करनी चालू कर दी। पूरी जिंदगी संघर्ष किया, कई बार जनता के लिए भूख हड़ताल भी की।' उन्होंने इस दौरान बिजली और शिक्षा जैसे मुद्दों पर राज्य सरकार को कठघरे में खड़ा किया।

इस मौके पर आलोक अग्रवाल ने मध्य प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों के लिये पार्टी का घोषणा-पत्र भी जारी किया। खास बात यह है कि इसे सौ रुपये के स्टाम्प पत्र पर नोटरी कराकर हलफनामे के रूप में जारी किया गया। घोषणा-पत्र के 30 सूत्री वादों में किसानों के कर्जमाफी, कृषि क्षेत्र के लिये मुफ्त बिजली, युवा रोजगार सुरक्षा कानून का निर्माण और बेरोजगारों को 15सौ से तीन हजार रुपये प्रति माह का जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाना प्रमुख है।

Advertisement

51 वर्षीय आलोक अग्रवाल आप की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी हैं। जनवरी 2014 में आप में शामिल होने से पहले वह गैर-सरकारी संगठन नर्मदा बचाओ आंदोलन के लिये काम कर चुके हैं। अग्रवाल ने वर्ष 1989 में आईआईटी कानपुर से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया था।

दिल्ली फॉर्मूले की तर्ज पर लड़ेंगे चुनाव

चुनावों के लिए आप ने जोर-शोर से तैयारी शुरू कर दी है। आप ने केजरीवाल के दिल्ली फॉमूले की तर्ज पर मध्य प्रदेश में चुनाव लड़ने का फैसला किया है। इसके लिए बाकायदा प्रदेश में बूथ स्तर तक दिल्ली से आए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जा रही है। प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक कार्यकर्ता की तैनाती की जाएगी जो दिल्ली की केजरीवाल सरकार के काम के पैटर्न को समझायेंगे। दिल्ली के यह कार्यकर्ता मध्य प्रदेश में आप के पक्ष में न केवल माहौल बनाएंगे, बल्कि पार्टी उम्मीदवारों के प्रचार में भी पूरी मदद करेंगे। कार्यकर्ता घरों में जाकर आप पार्टी के बारे में लोगों को बताएंगे और उन्हें अपने साथ जोड़ेंगे। नुक्कड़ नाटक व आम सभाओं के माध्यम से लोगों को केजरीवाल सरकार की जनता के लिए किए काम और शिवराज सरकार की नाकामियों को बताएंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Arvind Kejriwal, declares, Alok Agarwal, CM, candidate, Madhya Pradesh, Assembly Election
OUTLOOK 16 July, 2018
Advertisement