राजग का घटक होने के नाते केंद्रीय मंत्रिमंडल में जदयू की भागीदारी स्वाभाविक है: आरसीपी सिंह
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आरसीपी सिंह ने आज कहा कि केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार का घटक होने के नाते केंद्रीय मंत्रिमंडल में उनकी पार्टी की भागीदारी स्वाभाविक है।
रविवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी राजग का सम्मानित घटक है। यह स्वाभाविक है कि मंत्रिमंडल विस्तार में पार्टी की भागीदारी होगी । उन्होंने लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा ) के मंत्रिमंडल विस्तार में शामिल होने के संबंध में पूछे गए एक सवाल पर कहा कि इस संबंध में वह नहीं जानते हैं। सिर्फ राजग और जदयू के बारे में जानते हैं बाकी से क्या मतलब।
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि लोग आश्वस्त रहें, बिहार की सरकार पूरे 5 साल चलेगी । मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पिछले 15 वर्षों से बालू फांक रहा है, अभी आगे भी उसका यही हाल रहने वाला है। उन्होंने कहा कि बालू फांकते फांकते राजद के विधायकों के पेट में दर्द हो गया है और इसी से वे कुछ भी बातें करते हैं। राजद के लोग पेड़ पर लगे आम के गिरने का इंतजार कर रहे हैं लेकिन वह इसी उम्मीद में बैठे रह जाएंगे, लेकिन आम नहीं मिलने वाला है।