Advertisement
29 December 2022

भाजपा सामाजिक न्याय की दुश्मन, पिछड़ों के साथ किया है सौतेला व्यवहार: अखिलेश यादव

ANI

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सामाजिक न्याय की दुश्मन है। भाजपा ने हमेशा पिछड़ों के साथ सौतेला व्यवहार किया है। पिछड़ों और दलितों के साथ भाजपा का व्यवहार हमेशा सौतेला रहा है। भाजपा ने अभी पिछड़ों का हक छीना है। कल दलितों का भी हक छीन लेगी। भाजपा पिछड़ों को आरक्षण छीन कर धोखा दे रही है बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने जो हक और सम्मान दिया था। भाजपा सरकार हर संस्था में ओबीसी के आरक्षण छीनकर उनकी आने वाली पीढ़ियों को गुलाम बनाने का षड्यंत्र कर रही है।

सपा प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछड़े और दलितों को इसका इस कागार पर खड़ा कर दिया है कि वे रिजर्वेशन के लिए रिव्यूलेशन करने पर मजबूर हो जाएं। सपा नेता ने कहा कि भाजपा पिछड़ों का वोट तो लेती है लेकिन हक और सम्मान नहीं देना चाहती है। दिल्ली और यूपी की भाजपा सरकार पिछड़ों के वोट से बनी लेकिन अधिकार नहीं दिया। जब तक भाजपा सत्ता में है पिछड़ों का अधिकार नहीं मिलेगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी जातीय जनगणना चाहती है बिना जातीय जनगणना के पिछड़ों को उनका हक और सम्मान नहीं मिल पाएगा। उन्होंने पिछड़ों के आरक्षण पर चर्चा के लिए विधानसभा का सत्र बुलाने की मांग करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में विभिन्न संस्थाओं में पुलिस की भर्ती में, 69000 शिक्षक की भर्ती में, विश्वविद्यालययों की नियुक्तियों में बड़े पैमाने पर घोटाले हुए हैं और पिछड़ों का हक मारा गया है। उनका अधिकार छीना गया है। पिछड़ों और दलितों को लेकर भाजपा की नियत कभी ठीक नहीं थी। सुप्रीम कोर्ट ने जब समय-समय पर निर्देश दिया है तो सरकार ने पालन क्यों नहीं किया। भाजपा सरकार चुनाव से भाग रही है। जनता का सामना नहीं करना चाहती है।                                                                                                                                 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 29 December, 2022
Advertisement