Advertisement
14 May 2024

भाजपा नेताओं ने सुशील मोदी के निधन पर शोक जताया, बिहार के विकास में योगदान की सराहना की

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के निधन पर शोक प्रकट किया और बिहार के विकास में उनके योगदान की सराहना की। सुशील मोदी पिछले कुछ समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उनका सोमवार रात निधन हो गया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के निधन पर शोक प्रकट किया और बिहार के विकास में उनके योगदान की सराहना की। सुशील मोदी पिछले कुछ समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उनका सोमवार रात निधन हो गया। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुशील कुमार मोदी के निधन पर शोक जताया और कहा कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी।

Advertisement

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘पार्टी में अपने मूल्यवान सहयोगी और दशकों से मेरे मित्र रहे सुशील मोदी जी के असामयिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है।’ उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘हमारे वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी जी के निधन की सूचना से आहत हूं। आज बिहार ने राजनीति के एक महान पुरोधा को हमेशा के लिए खो दिया।’ उन्होंने कहा कि मोदी ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से भाजपा तक संगठन व सरकार में कई महत्त्वपूर्ण पदों को सुशोभित किया।

उन्होंने कहा, ‘उनकी राजनीति गरीबों व पिछड़ों के हितों के लिए समर्पित रही। उनके निधन से बिहार की राजनीति में जो शून्यता उभरी है, उसे लंबे समय तक भरा नहीं जा सकता। दुःख की इस घड़ी में पूरी भाजपा उनके शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है।’

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा, ‘‘विद्यार्थी परिषद से लेकर अभी तक हमने साथ में संगठन के लिए लंबे समय तक काम किया।’’ उन्होंने कहा, ‘सुशील मोदी का पूरा जीवन बिहार के लिये समर्पित रहा। बिहार को जंगलराज से बाहर निकालकर विकास के पथ पर लाने में सुशील मोदी का प्रयास बहुत मददगार रहा है। उनका ना होना असंख्य कार्यकताओं के लिए यह एक अपूरणीय क्षति है।’

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सुशील कुमार मोदी का लम्बा सार्वजनिक जीवन जनता-जनार्दन की सेवा और गरीब कल्याण के प्रति समर्पित था।

सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘उन्होंने बिहार में पार्टी को मज़बूत और लोकप्रिय बनाने के लिए काफ़ी परिश्रम किया। बिहार के विकास के लिए किए गए उनके कार्य हमेशा याद रखे जाएंगे। ईश्वर उनके शोक संतप्त परिवार को दुःख की इस घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करे।’

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मोदी के निधन को अत्यंत दु:खद बताया। उन्होंने कहा, ‘सुशील कुमार जी का जाना बिहार और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। व्यक्तिगत तौर पर विद्यार्थी परिषद के दिनों से सुशील जी के साथ काम किया। विचारधारा के लिए समर्पित नेता के तौर पर सुशील जी हमेशा याद रहेंगे।’ उन्होंने कहा कि बिहार में पार्टी और संगठन को मजबूत करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा, ‘बिहार के विकास के लिए जीवन भर उन्होंने कार्य किया। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को संबल दे।’

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुशील कुमार मोदी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, ‘उन्होंने देश और समाज की जीवनपर्यंत सेवा की। उनका संघर्ष कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणा का कार्य करेगा।’ उन्होंने कहा, ‘प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति दें।’

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: BJP leaders, demise of Sushil Modi, contribution, development of Bihar.
OUTLOOK 14 May, 2024
Advertisement