Advertisement
11 May 2018

शिवसेना का आरोप, भाजपा चुनाव जीतने के लिए करती है ईवीएम में हेराफेरी

शिवसेना का आरोप, भाजपा चुनाव जीतने के लिए करती है ईवीएम में हेराफेरी | file photo

भाजपा की सबसे पुरानी सहयोगी शिवसेना ने शुक्रवार को उस पर बड़ा आरोप लगाया है। शिवसेना ने कहा है कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए ईवीएम में हेराफेरी करती है। शिवसेना ने कर्नाटक में नकली वोटर आईडी कार्ड पकड़े जाने पर कहा कि इससे पता चलता है कि राज्य में चुनाव का स्तर कितना नीचे तक गिरा है।

कांग्रेस खत्म हो रही है, पर उसके विचार नहीं

शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना के संपादकीय में लिखा है कि प्रधानमंत्री मोदी कांग्रेस मुक्त भारत की बात करते हैं। कांग्रेस खत्म भी हो रही है पर उसके विचार खत्म नहीं हो रहे हैं। भाजपा कांग्रेस के गुणों को अपना कर उसे खत्म करने की कोशिश कर रही है। लेख में कहा गया है कि कि कर्नाटक में चुनाव से पहले बेंगलूरू के एक फ्लैट से 10,000 नकली वोटर आइडी कार्ड बरामद हुए हैँ। इस मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा को निशाने पर लिया है। वोटर आइडी घोटाला यह दर्शाता है कि कर्नाटक चुनाव किस हद तक नीचे गिरा है।

Advertisement

चुनाव में बड़े पैमाने पर धन खर्च किया जा रहा है। भाजपा इतना धन कहां से लाती है यह छिपा नहीं है। सभी लोग सच जानते हैं। शिवसेना ने कहा है कि चुनाव के पहले धन की आवाजाही बढ़ जाती है। चाहे वह चुनाव ग्राम पंचायत का हो या लोकसभा का। ऐसा लगता है कि हर घर के ‘मुद्रा बैंक’ में नोट छापे जा रहे हों। पहले कांग्रेस ऐसा करती थी अब भाजपा भी यही कर रही है।

जीत के लिए कांग्रेस की नीति अपना रही है भाजपा

उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी आरोप लगाया है कि भाजपा ने कर्नाटक चुनाव में उनके घोषणापत्र की नकल की है। लेख में कहा गया है कि संक्षेप में कहें तो भाजपा ने किसी भी तरह से चुनाव जीतने की कांग्रेस की नीति को अपना लिया है। कांग्रेस इस बात के लिए जरूर गर्व महसूस करती होगी कि भाजपा उसकी विचारधारा को आगे बढ़ा रही है।  

शिवसेना ने आरोप लगाया कि कांग्रेस भी अपने शासन काल में भ्रष्टाचार में लिप्त थी। लेख में कहा गया है कि जब पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भारी जनादेश हासिल किया था तब तत्कालीन शिवसेना प्रमुख स्व. बाल ठाकरे ने उनकी जीत पर सवाल उठाते हुए कहा था कि यह ‘बाई ’ (इंदिरा) की नहीं ‘साई’ (स्याही) की है।

शिवसेना ने कहा कि स्याही का राज तो अब खत्म हो गया पर भाजपा चुनाव जीतने के लिए इवीएम में हेराफेरी कर रही है। मतदान की वर्तमान व्यवस्था पर लोग विश्वास नहीं करते हैं। संपादकीय में कहा गया है कि सत्ता में बैठे लोगों के नकाब बदल गए हैं पर चेहरे वही हैं। भाजपा ने कांग्रेस को हराया नहीं है बल्कि खुद को उसमें समाहित कर लिया है।

TAGS: Shiv Sena, bjp, evm, election, rigging, karnatka
OUTLOOK 11 May, 2018
Advertisement