सीएम का दावेदार पंजाब से ही होगाः केजरीवाल
पटियाला के बादशाहपुर में केजरीवाल ने कहा कि पंजाब का मुख्यमंत्री प्रदेश का ही होगा। एक दिन पहले ही दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मोहाली में लोगों से कहा था कि उन्हें यह मानकर वोट देना चाहिए कि वह केजरीवाल को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाने के लिए मतदान कर रहे हैं।
इस बयान पर अकाली दल और कांग्रेस ने आरोप लगाया कि आप पंजाब पर किसी बाहरी व्यक्ति को थोपने का प्रयास कर रही है। हालांकि केजरीवाल ने आज कहा कि वह दिल्ली के मुख्यमंत्री रहेंगे और उनके ऊपर बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब का मुख्यमंत्री जो भी हो, आप की ओर से किए गए सभी वादों को पूरा करने की मेरी निजी जिम्मेदारी होगी।
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब की जनता उन्हें सभी कार्यों के लिए व्यक्तिगत रूप से जवाबदेह बना सकती है। पंजाब में चार फरवरी को मतदान होगा।
उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा कि अकाली दल अध्यक्ष कल रात में तीन बार जागे और उन्हें केजरीवाल के मुख्यमंत्री बनने के सपने आए। (एजेंसी)