Advertisement
27 August 2024

30 अगस्त को आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल होंगे चंपई सोरेन; अमित शाह से मुलाकात के बाद लिया फैसला

झारखंड के पूर्व सीएम चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने पर आखिरकार आधिकारिक मुहर लग गई है। वे 30 अगस्त को भाजपा में शामिल होंगे। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने इसकी जानकारी दी है।

हिमंत विश्व शर्मा ने घोषणा की कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन भाजपा में शामिल होंगे। शर्मा ने कहा कि सोरेन 30 अगस्त को रांची में पार्टी में शामिल होंगे। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ सोरेन की मुलाकात की एक तस्वीर पोस्ट की।

झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के सह-प्रभारी शर्मा भी बैठक में शामिल थे।

Advertisement

शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हमारे देश के दिग्गज आदिवासी नेता चंपई सोरेन जी ने कुछ समय पहले माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी से मुलाकात की। वह 30 अगस्त को रांची में आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल होंगे।”

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता सोरेन ने पार्टी नेतृत्व पर उनका अपमान करने का आरोप लगाया था और घोषणा की थी कि वह जल्द ही अपने अगले राजनीतिक कदम के बारे में फैसला करेंगे। यह अनुमान लगाया जा रहा था कि वह भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

 गौरतलब है कि चंपई सोरेन सोमवार को नई दिल्ली पहुंचे थे, जहां उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। पिछले मंगलवार के बाद से यह उनकी दूसरी दिल्ली यात्रा थी। अपनी पिछली दिल्ली यात्रा के दौरान उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए थे। साथ ही नया विकल्प भी तलाशने की बात कही थी। बाद में ये चर्चाएं भी हुईं कि वे नई पार्टी भी बना सकते हैं। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Champai Soren, officially join BJP, August 30; meeting, Amit Shah
OUTLOOK 27 August, 2024
Advertisement