Advertisement
13 September 2019

चिन्मयानंद केस में बोलीं प्रियंका, मामले में UP पुलिस इसलिए सुस्त क्योंकि आरोपी का संबंध BJP से

File Photo

पूर्व केंद्रीय मंत्री चिन्मयानंद पर लगे यौन शोषण के आरोपों के मामले में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने अपनी हरकतों से साफ कर दिया है कि उसका महिला सुरक्षा से कोई वास्ता नहीं।

यूपी पुलिस क्या इसलिए इस मामले में सुस्त है?

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को अपने ट्विटर अकाउंट के माध्यम से राज्य की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए उत्तर प्रदेश सरकार और यूपी पुलिस पर सवाल खड़े किए हैं। प्रियंका गांधी ने सवाल किया है कि यूपी पुलिस क्या इसलिए इस मामले में सुस्त है क्योंकि आरोपी का संबंध भाजपा से है?

Advertisement

क्यों छात्रा को दोबारा प्रेस के सामने सुरक्षा की गुहार लगानी पड़ रही है?

प्रियंका गांधी ने चिन्मयानंद पर एक खबर को शेयर कर करते हुए ट्वीट किया और लिखा- उप्र की भाजपा सरकार ने अपनी हरकतों से साफ कर दिया है कि उसका महिला सुरक्षा से कोई वास्ता नहीं। आखिर क्यों शिकायतकर्ता लड़की को दोबारा प्रेस के सामने सुरक्षा की गुहार लगानी पड़ रही है?

इससे पहले कांग्रेस ने लगाया था ये आरोप

इससे पहले भाजपा के पूर्व सांसद स्वामी चिन्मयांनद के खिलाफ बलात्कार का आरोप लगाने वाली छात्रा के मीडिया के सामने आने के बाद कांग्रेस ने मंगलवार को केंद्र एवं उत्तर प्रदेश की सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि 'अपराधियों से प्रेम और संलिप्तता भाजपा के डीएनए शमिल हो चुका है। पार्टी प्रवक्ता रागिनी नायक ने यह सवाल भी किया कि लड़की के बार-बार गुहार लगाने के बावजूद चिन्मयांनद से पूछताछ और उनकी गिरफ्तारी क्यों नहीं की गई?

प्रियंका ने गुरुवार को भी योगी सरकार पर बोला था हमला

इससे पहले गुरुवार को भी एक ट्वीट कर प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर हमला बोला था। उन्होंने ट्वीट में लिखा, पत्रकार केवल आंख पर पट्टी बांध कर वाहवाही के लिए नहीं होते। उनका काम होता है जनता के मुद्दों पर खबरें बनाना और सरकार से जवाब लेना लेकिन यूपी भाजपा सरकार ऐसे पत्रकारों पर लगातार हमला बोल रही है। क्या भाजपा को आम जनता के मुद्दों का डर सता रहा है?

आर्थिक मंदी को लेकर मोदी सरकार पर लगातार हमले कर रही हैं प्रियंका

इससे पहले प्रियंका गांधी ने मंगलवार को आर्थिक मंदी और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में आए संकट के बाद मोदी सरकार पर तंज कसते हुए पूछा कि सरकार आखिर कब अपनी आंखें खोलेगी? प्रियंका ने एक ट्वीट किया, ‘अर्थव्यवस्था मंदी की गहरी खाई में गिरती ही जा रही है। लाखों हिंदुस्तानियों की आजीविका पर तलवार लटक रही है। ऑटो सेक्टर और ट्रक सेक्टर में गिरावट प्रोडक्शन-ट्रांसपोर्टेशन में निगेटिव ग्रोथ और बाजार के टूटते भरोसे का प्रतीक है। सरकार कब अपनी आंखें खोलेगी?’

बता दें कि अगस्त में ऑटोमोबाइल की बिक्री 1997-98 के बाद के निम्नतम स्तर पर दर्ज किए जाने के एक दिन बाद प्रियंका की यह टिप्पणी आई है। इस क्षेत्र को पुनर्जीवित करने के लिए बड़े प्रोत्साहन पैकेज की मांग भी की गई।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Chinmayanand case, Why is UP police, going slow, asks Priyanka, slams state, BJP govt
OUTLOOK 13 September, 2019
Advertisement