Advertisement
25 August 2018

कांग्रेस का वार, ओपी चौधरी तय करें कि वे कलेक्टरी करेंगे या चुनाव लड़ेंगे?

File Photo

कलेक्टर ओपी चौधरी के भाजपा में शामिल होने की खबरों को लेकर कांग्रेस ने निशाना साधा है। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि कांग्रेस और प्रदेश की जनता भी पर्दे के पीछे से भाजपा की मदद करने वाले अधिकारियों को बखूबी जानती और पहचानती है ऐसे अधिकारियों को कांग्रेस चुनौती देती है कि वह चाहे पर्दे के पीछे रहे या सामने आकर चुनाव लड़ें, इस बार राज्य की जनता ने भाजपा और भाजपा के सारे सहयोगियों का पटिया साफ करने का मन बना लिया है।

कलेक्टर ओपी चौधरी के सरकारी नौकरी छोड़कर भाजपा से चुनाव लड़ने को लेकर पिछले एक सप्ताह से आ रही खबरों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि ओपी चौधरी तय कर लें कि वे कलेक्टरी करेंगे या चुनाव लड़ेंगे?

दो महीने माह बाद राज्य में चुनाव होने हैं और कलेक्टर के पद का व्यक्ति चुनाव में रिटर्निंग ऑफिसर की भूमिका में होता है। लगातार भाजपा में शामिल होने की खबरों का ओपी चौधरी ने आज तक कोई स्पष्ट खंडन नहीं किया है। जब ओपी चौधरी की राजनीतिक निष्ठा उजागर हो चुकी है तो उन्हें कलेक्टर के पद पर रहकर काम करने का कोई अधिकार नहीं है।

Advertisement

कलेक्टर के पद पर रहकर ओपी चौधरी अपने पद से जुड़े दायित्वों के साथ न्याय भी नहीं कर पाएंगे कांग्रेस प्रचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने मांग की है कि ओपी चौधरी के राजनीतिक रुझान को देखते हुए उन्हें तत्काल रायपुर कलेक्टर के पद से हटाया जाए ताकि निष्पक्ष निर्वाचन संपन्न हो सके। ऐसे भाजपाई अधिकारी यदि चुनाव लड़ेंगे तो परिणाम ऐसे अफसरों की हार के ही रूप में सामने आएगा। यदि इन फूल छाप अधिकारियों में साहस हो तो उनको चुनाव मैदान में उतरने से झिझकना नहीं चाहिए।

छत्तीसगढ़ की जनता और गरीब, मजदूर, किसानों की ताकत के बल पर और अपने कार्यकर्ताओं की मेहनत से कांग्रेस ऐसे अफसरों को उनकी जगह दिखा देगी, उनकी सही जगह पहुंचा देगी।

TAGS: Congress, Attacks, OP Chaudhary, over join BJP
OUTLOOK 25 August, 2018
Advertisement