Advertisement
25 March 2019

सिंधिया घराने से राजनीति में एक और एंट्री! सबसे खूबसूरत राजकुमारी रह चुकी हैं प्रियदर्शिनी

File Photo

आगामी लोकसभा चुनाव के लिए इन दिनों ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया का नाम भी सुर्खियों में बना हुआ है। टिकटों के बंटवारे की गहमागहमी के बीच ज्योतिरादित्य की पत्नी को एक बार फिर से लोकसभा चुनाव लड़ाने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। ग्वालियर जिला कांग्रेस ने रविवार को बैठक के दौरान ज्योतिरादित्य की पत्नी प्रियदर्शिनी सिंधिया को ग्वालियर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव पास कर दिया है। बताया जा रहा है कि प्रियदर्शिनी को टिकट दिलाने के लिए कमलनाथ सरकार के मंत्रियों ने भी समर्थन किया है। अगर ऐसा हुआ तो सिंधिया घराने से एक और बहू की राजनीति में एंट्री हो जाएगी। इससे पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया की दादी राजमाता विजयाराजे सिंधिया भाजपा की बड़ी नेता रही हैं।

तो इन सबके बीच आइए जानते हैं कौन है कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी प्रियदर्शिनी राजे- 

कौन हैं प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया

Advertisement

प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया गुजरात बरोड़ा के गायकवाड़ परिवार की राजकुमारी हैं। उनके पिता कुमार संग्राम सिंह गायकवाड़ बरोड़ा के आखिरी शासक प्रताप सिंह गायकवाड़ के बेटे हैं जबकि प्रियदर्शिनी की मां नेपाल के राजघराने से ताल्लुक रखती हैं। प्रियदर्शिनी ने मुंबई के फोर्ट कॉन्वेंट स्कूल से और सोफिया कॉलेज से पढ़ाई की है।

12 दिसंबर 1994 को प्रियदर्शनी-ज्योतिरादित्य की हुई शादी

प्रियदर्शिनी और ज्योतिरादित्य की मुलाकात साल 1991 में हुई थी। कहा जाता है कि ज्योतिरादित्य को पहली मुलाकात में ही प्रियदर्शिनी से प्यार हो गया था। दोनों एक-दूसरे से मिलते रहे और 12 दिसंबर 1994 को दोनों ने शादी कर ली थी।

  

ज्योतिरादित्य और प्रियदर्शनी के हैं दो बच्चे

ज्योतिरादित्य और प्रियदर्शिनी के एक बेटा और एक बेटी है। बेटे का नाम महानआर्यमन सिंधिया है और बेटी का नाम अनन्या सिंधिया है। जो फिलहाल दून स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं जिसमें ज्योतिरादित्य सिंधिया भी पढ़ाई कर चुके हैं।

देश की सबसे खूबसूरत राजकुमारियों में शामिल

प्रियदर्शिनी देश की सबसे खूबसूरत राजकुमारियों में शामिल हैं। 2012 में उन्हें देश की 50 सबसे खूबसूरत महिलाओं में शामिल किया गया था। 2008 में बेस्ट ड्रेस्ड हॉल ऑफ फेम लिस्ट में भी प्रियदर्शिनी का नाम था।

क्यों प्रियदर्शिनी को लोकसभा चुनाव लड़ाने की मांग ने पकड़ा जोर

घर होने के चलते ग्वालियर को सिंधिया परिवार का मज़बूत गढ़ माना जाता है, इसलिए जहां ज्योतिरादित्य सिंधिया जहां गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र से अपनी दावेदारी में लगे हैं तो वहीं उनकी पत्नी को ग्वालियर से खड़ा कर कांग्रेस 2 सीटों पर कब्जा करना चाहती है। हालांकि कांग्रेस कार्यकर्तओं की पहली पसंद उनके महाराज यानी ज्योतिरादित्य सिंधिया ही हैं, लेकिन ज्योतिरादित्य अगर गुना से ही लोकसभा चुनाव लड़ते हैं तो उनकी पत्नी को ग्वालियर से चुनाव लड़ाने की मांग कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की है।

ग्वालियर लोकसभा सीट पर फिलहाल बीजेपी का कब्जा है। यहां से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर सांसद हैं और उन्हें पार्टी ने इस बार मुरैना संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है। ग्वालियर में बीते तीन चुनावों से बीजेपी के उम्मीदवार जीतते आ रहे हैं। हालांकि यह सीट सिंधिया राजघराने के प्रभाव वाली सीट मानी जाती है। यहां से वर्ष 1984 से 1998 तक माधवराव सिंधिया लगातार पांच बार चुनाव जीते हैं। इसके अलावा यशोधरा राजे सिंधिया ने वर्ष 2007 के उपचुनाव और वर्ष 2009 के चुनाव में ग्वालियर का प्रतिनिधित्व किया था।

चार चरण में होगा मतदान

-    29 अप्रैल को पहले चरण में 6 सीटों पर होंगे चुनाव होंगे, जिनमें सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट एवं छिंदवाड़ा शामिल हैं।

-    6 मई को दूसरे चरण में सात सीटों पर चुनाव होंगे, इनमें टीकमगढ़, दमोह, सतना, होशंगाबाद, बैतूल, खजुराहो एवं रीवा शामिल हैं।

-    12 मई को तीसरे चरण में 8 सीटों पर चुनाव होंगे, जिनमें मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, भोपाल, सागर, विदिशा एवं राजगढ़ शामिल हैं।

-    19 मई को वहीं चौथे चरण में 8 सीटों पर चुनाव होंगे. इनमें देवास, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, इंदौर, धार, खरगौन एवं खंडवा शामिल हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress leaders, propose, Jyotiraditya Scindia's wife, Priyadarshini Raje Scindia, name for Gwalior seat, Know about her
OUTLOOK 25 March, 2019
Advertisement