Advertisement
06 August 2018

द्रमुक प्रमुख एम करुणानिधि की हालत बिगड़ी

file photo

द्रमुक अध्यक्ष एम करुणानिधि का स्वास्थ्य पहले के मुकाबले खराब हुआ है। यह जानकारी चेन्नई के कावेरी अस्पताल की ओर से जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में दी गई है। द्रमुक प्रमुख इस अस्पताल में दस दिनों से भर्ती हैं। सोमवार को पहली बार उनकी पत्नी दयालु अम्मल ने उनसे मुलाकात की। वह उस गाड़ी से आईं थी जिसका इस्तेमाल करुणानिधि करते हैं। वह भी उम्र संबंधी परेशानियों की वजह से अस्वस्थ हैं।

अस्पताल की विज्ञप्ति के अनुसार करुणानिधि का स्वास्थ्य सोमवार को पहले के मुकाबले खराब हुआ है और उनके महत्वपूर्ण अंगों की कार्यक्षमता को बनाए रखना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। अस्पताल ने कहा कि 94 वर्षीय पूर्व मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है और वह मेडिकल सपोर्ट पर हैं

अस्पताल के अनुसार ज्यादा उम्र होने के कारण उनके शरीर के महत्वपूर्ण अंगों की कार्य क्षमता को बनाए रखना चुनौती साबित हो रही है। अस्पताल के कार्यकारी निदेशक डॉक्टर अरविंदन सेल्वाराज ने विज्ञप्ति में कहा कि द्रमुक अध्यक्ष के स्वास्थ्य की लगातारी निगरानी की जा रही है और वह मेडिकल सपोर्ट पर हैं। अगले 24 घंटों में उनके स्वास्थ्य में कितना सुधार आता है, इसी से आगे की चीजें तय होंगी।

करुणानिधि को रक्तचाप की समस्या के बाद 28 जुलाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि रक्तचाप की समस्या पर डॉक्टरों ने पार पा लिया, लेकिन स्वास्थ्य में गिरावट के कारण वह अभी तक अस्पताल में हैं।

Advertisement

अस्पताल में उनसे मुकालात करने के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई नेता पहुंच चुके हैं। अस्पताल के बार बड़ी संख्या में द्रमुख प्रमुख के समर्थक भी हरदम मौजूद रहते हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: DMK president, M Karunanidhi, decline, medical, hospital
OUTLOOK 06 August, 2018
Advertisement