Advertisement
25 September 2019

एनआरसी पर केजरीवाल ने साधा मनोज तिवारी पर निशाना, कहा- सबसे पहले उन्हें दिल्ली छोड़नी पड़ेगी

File Photo

देश भर में नेशनल रजिस्टर फॉर सिटीजन (एनआरसी) पर बहस छिड़ी हुई है। इस सबके बीच बुधवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी पर निशाना साधा। केजरीवाल ने कहा कि अगर एनआरसी लागू हुआ तो सबसे पहले मनोज तिवारी को ही दिल्ली छोड़नी पड़ेगी। अब केजरीवाल के इस बयान पर मनोज तिवारी ने भी पलटवार किया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि वो अपने ही देश के प्रवासियों को दिल्ली का नहीं समझते हैं, इससे पहले दिल्ली के सीएम रिपब्लिक डे में परेड का विरोध कर चुके हैं। मनोज तिवारी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल हमेशा ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे’ वाले गैंग का समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल को मालूम होना चाहिए कि एनआरसी में घुसपैठियों को चिन्हित किया जाता है।

उन्होंने कहा कि क्या बिहार, हरियाणा, मध्यप्रदेश का हो जाने से कोई एनआरसी में आ जाता है। अरविंद केजरीवाल को ऐसे बयान देने पर शर्म आनी चाहिए। उन्हें अपने पद पर बने रहने का कोई हक नहीं है, एनआरसी का मतलब सिर्फ उनके लिए है जो विदेश से आते हैं।

Advertisement

कपिल मिश्रा ने साधा निशाना

मनोज तिवारी के बाद ‘आप’ से भाजपा में आए कपिल मिश्रा ने भी अरविंद केजरीवाल पर बयान दिया। कपिल मिश्रा ने कहा कि यूपी-बिहार के लोगों को देश से बाहर का बताना और उनकी तुलना घुसपैठियों से कर देना बिल्कुल गलत है।

मनोज तिवारी ने कहा था- दिल्ली में लागू होगा एनआरसी

असम में एनआरसी लागू होने के बाद देश के कई राज्यों में एनआरसी लागू होने की बात छिड़ी थी। इसी दौरान मनोज तिवारी ने भी दिल्ली में एनआरसी को लागू करने की मांग की थी। तभी से बीजेपी और आम आदमी पार्टी में इस मसले को लेकर बहस छिड़ी हुई है।

अमित शाह ने भी कही थी देश भर में लागू करने की बात

बीते दिनों केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस बात की पुष्टि की थी कि देशभर में एनआरसी लागू करना उनकी पार्टी के घोषणापत्र में शामिल है, ऐसे में वह इस पर आगे जरूर बढ़ेंगे।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Delhi CM, Arvind Kejriwal, BJP Delhi president, NRC, manoj tiwari, delhi
OUTLOOK 25 September, 2019
Advertisement