Advertisement
06 May 2022

बीजेपी नेता तेजिंदर बग्गा को कुरुक्षेत्र से लेकर रवाना हुई दिल्ली पुलिस, पंजाब पुलिस ने किया था गिरफ्तार

ट्विटर

भाजपा नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को नई दिल्ली के जनकपुरी स्थित उनके घर से गिरफ्तार करने के मामले में दिल्ली और पंजाब पुलिस के बीच कई घंटे तनातनी चली। जिसके बाद दोपहर करीब सवा दो बजे दिल्ली पुलिस कुरुक्षेत्र पहुंची और लगभग पौने तीन बजे दिल्ली पुलिस बग्गा को लेकर दिल्ली रवाना हो गई है। 

कुरुक्षेत्र के एक पुलिस अधिकारी ने फोन पर बताया कि दिल्ली पुलिस की एक टीम कुरुक्षेत्र पहुंची, बग्गा को हिरासत में लिया और राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना हो गई। इससे पहले मामले में दिल्ली पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

दरअसल, पंजाब पुलिस का काफिला बग्गा को लेकर पंजाब के मोहाली जा रहा था लेकिन दिल्ली पुलिस के कहने के बाद हरियाणा पुलिस ने इस काफिले को रोक लिया। पंजाब पुलिस की टीम को कुरुक्षेत्र के पिपली में रोका गया था, हरियाणा पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि उन्हें जानकारी है कि बग्गा को उनके आवास से "जबरन" उठाया गया था, जिसकी वजह से इस काफिले को रोका गया।

Advertisement

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, बग्गा के पिता ने शिकायत की कि शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे कुछ लोग उनके घर आए और उनके बेटे को ले गए। दिल्ली पुलिस ने जनकपुरी थाने में बग्गा के अपहरण का मामला दर्ज किया है।

पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा कि उसने भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रवक्ता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को पिछले महीने मोहाली में उनके खिलाफ दर्ज एक मामले के सिलसिले में राष्ट्रीय राजधानी स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया है। पंजाब पुलिस के अनुसार, बग्गा को पंजाब ले जाया जा रहा है, जहां उन्हें एक अदालत में पेश किया जाएगा।

वहीं, एसएएस नगर के एसपी (ग्रामीण) मनप्रीत सिंह ने कहा कि हरियाणा पुलिस चीजों का सत्यापन कर रही है। उनकी (तेजिंदर बग्गा की) गिरफ़्तारी की वीडियो बनाई है। मोहाली में इनके ख़िलाफ एफआईआर दर्ज है। हमने उनको जांच में सहयोग करने के लिए नोटिस भी भेजा था जिसके बाद इनको गिरफ्तार किया है।

 

पिता ने लगाया मारपीट का आरोप

तेजिंदर पाल सिंह बग्गा की गिरफ्तारी पर उनके पिता प्रीतपाल सिंह बग्गा का बयान आया है। प्रीतपाल सिंह बग्गा ने पंजाब पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा, "आज सुबह 10-15 पुलिसकर्मी हमारे घर आए और तेजिंदर को घसीटकर बाहर ले गए। जब मैंने इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए अपना मोबाइल फोन उठाया, तो पुलिस मुझे दूसरे कमरे में ले गई और मेरे चेहरे पर मुक्का मारा।"

बग्गा के पिता प्रीतपाल सिंह बग्गा ने आगे कहा, "आज सुबह हमारे घर आए पुलिस कर्मियों ने कहा कि तजिंदर ने अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी दी है। लेकिन दिल्ली पुलिस को इस घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। एक डीसीपी अब यहां हैं।" फिलहाल पंजाब पुलिस के दो सीनियर अधिकारी जनकपुरी पुलिस स्टेशन में मौजूद हैं।

सीएम केजरीवाल के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन

वहीं, दिल्ली में बग्गा की गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने सीएम अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। तजिंदरपाल सिंह बग्गा की गिरफ्तारी के विरोध में भाजपा के कार्यकर्ता जनकपुरी थाने के बाहर जमा हो गए और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं।

इस बीच, बीजेपी नेता तेजिंदर पाल बग्गा की पंजाब पुलिस द्वारा गिरफ्तारी को लेकर कुमार विश्वास ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को निशाने पर लिया है। कुमार विश्वास ने पंजाब के सीएम भगवंत मान को पंजाब के लोगों के टैक्स से हासिल पैसे का गलत इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी है। कुमार विश्वास का कहना है कि भगवंत मान को अपनी पगड़ी का मान रखना चाहिए।

कुमार विश्वास ने ट्वीट कर तेजिंदर पाल बग्गा की गिरफ्तारी पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ''प्रिय छोटे भाई ख़ुद्दार पंजाब ने 300 साल में, दिल्ली के किसी असुरक्षित तानाशाह को अपनी ताकत से कभी नहीं खेलने दिया। पंजाब ने तुम्हारी पगड़ी को ताज सौंपा है किसी बौने दुर्योधन को नहीं। पंजाब के लोगों के टैक्स के पैसों व उनकी पुलिस का अपमान मत करो। पगड़ी सम्भाल जट्टा।''

भाजपा ने सीएम अरविंद केजरीवाल पर लगाए ये गंभीर आरोप

भाजपा नेता की गिरफ्तारी के बाद पार्टी ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल बदले की राजनीति कर रहे हैं। भाजपा ने आरोप लगाया कि पंजाब पुलिस ने बग्गा का अपहरण किया है। पार्टी ने कहा कि पंजाब पुलिस ने गैरकानूनी काम किया है।

शुरूआत में भारतीय जनता पार्टी के नेता कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर दावा किया कि तेजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस के 50 जवान घर से गिरफ्तार करके ले गए।

कपिल मिश्रा ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘तजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस के 50 जवान घर से गिरफ्तार करके ले गए। तजिंदर पाल सिंह बग्गा एक सच्चा सरदार है, उसे ऐसी हरकतों से ना डराया जा सकता है, ना कमजोर किया जा सकता। एक सच्चे सरदार से इतना डर क्यों?’

आप नेताओं ने कही ये बात

तेजिंदर पाल बग्गा की गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बाल्यान ने ट्वीट करते हुए कहा, "लुच्चे लफंगो की पार्टी भाजपा के नेता बग्गा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दिया था जीने नहीं देंगे की धमकी।"

भाजपा के आरोपों पर आप विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पंजाब पुलिस राज्य में शांति बनाए रखने के लिए काम कर रही है। जनता देख रही है कि दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस ऐसे गुंडों को बचाने की कोशिश कर रही है। आप विधायक ने कहा कि जांच में सहयोग न करने पर पुलिस ने बग्गा को गिरफ्तार किया है।

जानें क्या है मामला

गौरतलब है कि दिल्‍ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने के मामले में पटियाला में बग्‍गा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इसके बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) के राष्ट्रीय सचिव ने कहा था कि एक नहीं 100 एफआईआर कर लें। केजरीवाल अगर कश्मीरी हिंदुओं के नरसंहार को झूठा बोलेंगे तो वह भी जरूर बोलेंगे। अगर केजरीवाल कश्मीरी हिंदुओं के नरसंहार पर ठहाके लगाएंगे तो वह बोलेंगे। फिर चाहे उसके लिए उन्‍हें जो अंजाम भुगतना पड़े।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: BJP leader Tejinder Singh Bagga, arrested, Kidnapping case, Punjab Police, Delhi, Preetpal Singh Bagga
OUTLOOK 06 May, 2022
Advertisement