Advertisement
12 June 2025

मनसे-शिवसेना (उबाठा) में सुलह की अटकलों के बीच फडणवीस ने राज ठाकरे से मुलाकात की

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने बृहस्पतिवार को सुबह मुंबई के एक होटल में मुलाकात की।

यह मुलाकात शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे और उनके चचेरे भाई राज ठाकरे में सुलह की अटकलों के बीच हुई है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता फडणवीस और राज ठाकरे ने सुबह यहां बांद्रा इलाके में एक पांच-सितारा होटल में मुलाकात की। सूत्रों ने इसकी पुष्टि की लेकिन विस्तृत जानकारी नहीं दी।

इस बारे में संपर्क करने पर भाजपा के मुख्य प्रवक्ता केशव उपाध्ये ने कहा कि दोनों नेता अच्छे दोस्त हैं और राज्य से संबंधित विकास के मुद्दों पर चर्चा करने के लिए मिले होंगे।

Advertisement

महाराष्ट्र सरकार ने इस सप्ताह मुंबई सहित 29 नगर निगमों के लिए वार्ड परिसीमन का आदेश जारी करके स्थानीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी।

इन चुनाव से पहले ठाकरे बंधुओं के बीच संभावित सुलह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

राजनीतिक रूप से कई वर्ष पहले ही अलग हो चुके ठाकरे भाइयों ने अपने हालिया बयानों से इस तरह की अटकलों को हवा दी जिनसे संकेत मिला कि वे ‘मामूली मुद्दों’ को नजरअंदाज कर सकते हैं और लगभग दो दशक तक अलग रहने के बाद हाथ मिला सकते हैं।

राज ठाकरे ने कहा था कि ‘मराठी मानुस’ (मराठी भाषी लोगों) के हित में एकजुट होना मुश्किल नहीं है, वहीं उद्धव ने इस बात पर जोर दिया कि वह मामूली झगड़ों को अलग रखने के लिए तैयार हैं, बशर्ते कि महाराष्ट्र के हितों के खिलाफ काम करने वालों को शामिल न किया जाए।

राज ठाकरे ने 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को समर्थन दिया था, लेकिन उनकी पार्टी ने पिछले साल नवंबर में राज्य विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ा था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Devendra Fadnavis, Raj Thackeray, speculation of MNS-Shiv Sena (Ubatha)
OUTLOOK 12 June, 2025
Advertisement