Advertisement
19 June 2021

भाजपा सरकार में हुई किसानों की दुर्गति, गेहूं खरीद की तारीख बढ़ाकर किसानों को धोखा देने का स्वांग रचा: अखिलेश यादव

FILE PHOTO

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि किसानों की जैसी दुर्गति भाजपा सरकार के साढ़े चार सालों में हुई है वैसी पिछले पचास सालों में भी नहीं हुई थी। गेहूं खरीद की तारीख बढ़ाकर किसानों को धोखा देने का स्वांग रचा गया है। किसान को न फसल का दाम मिला है और नहीं मुआवजा मिला है, ऊपर से मंहगाई की मार ने उसकी कमर तोड़ दी है। सरकार श्वेत पत्र जारी करे ताकि किसानों से गेहूं खरीद की सच्चाई सामने  आ सके।

सपा नेता ने कहा कि कागजों में गेहू खरीद की तारीख बढ़ाने की घोषणा तो हुई है जबकि हकीकत में खरीद बंद है। सरकारी खरीद पोर्टल काम नहीं कर रहा है। किसान का खलिहान में रखा गेहूं भीगने से खराब हो रहा है तो कुछ क्रय केन्द्रों  में खुले में पड़ा गेहूं सड़ रहा है। वैसे बरसात के दिनों में तमाम क्रयकेन्द्रों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। किसान मायूस है।

उन्होंने कहा कि रामपुर में  क्रय केन्द्रों पर किसान भटक रहे, गेहूं की तौल में आनाकानी हो रही है। रानीपुर में पोर्टल बंद होने से किसानों को तमाम परेशानी उठानी पड़ी है। इटावा में क्रय केन्द्र खरीद की तारीख बढ़ी लेकिन उपकेन्द्रों पर तौल बंद  रही। प्रदेश में कहीं भी किसानों को एमएसपी पर गेहूं खरीद का लाभ नहीं  मिला।

Advertisement

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में किसानों को न तो लागत का ड्योढ़ा मूल्य मिला,  नहीं धान 1888, और गेहूं 1935 रूपये प्रतिकुंतल एमएसपी पर बिका। किसानों को  राहत नहीं मिली उल्टे उसकी खेती में काम आने वाला डीजल मंहगा हो गया,  बिजली की दरें बढ़ गईं। खाद की बोरी की कीमत तो बढ़ी परन्तु बोरी में खाद की  मात्रा कम हो गई। किसानों को आसानी से कर्ज भी नहीं मिलता है।

उन्होंने कहा कि सच तो यह है कि किसानों से गेहूं की धीमी खरीदारी सरकारी इशारे पर की गई है ताकि  वह अपना गेहूं बिचैलियों को बेचने को मजबूर हो। अधिकारी गुणवत्ता के नाम पर खरीद को नज़रअंदाज कर रहे हैं। चमक और सिकुड़न के नाम पर गेहूं खरीदने से  मना कर दिया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Farmers, BJP, government, cheat, wheat, procurement, Akhilesh Yadav
OUTLOOK 19 June, 2021
Advertisement