Advertisement
07 June 2023

लोकसभा चुनाव की सुगबुगाहट के बीच बैठकें शुरू, कांग्रेस सुप्रीमो खड़गे से मिले अशोक चव्हाण

ट्विटर/एएनआई

आगामी साल में होने वाले लोकसभा चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को कड़ी टक्कर देने के लिए विपक्षी दल महागठबंधन बनाने की तैयारी में हैं। इसी क्रम में अब मंगलवार को महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे से उनके नई दिल्ली स्थित आवास पर भेंट की। बता दें कि यह मुलाकात तकरीबन ढाई घंटे तक चली।

हालांकि इस बैठक के बाद चव्हाण ने साफ किया कि महा विकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन के भीतर पार्टियों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। कांग्रेस नेता ने कहा, "यह निर्णय कांग्रेस के अध्यक्ष द्वारा ही लिया जाएगा। महाराष्ट्र में 48 लोकसभा सीटें हैं और इन सभी सीटों पर कांग्रेस की क्या स्थिति है, इस बारे में बैठक में चर्चा की गई।"

बैठक के 2 घंटे से अधिक चलने के सवाल पर अशोक चौहान ने कहा कि पार्टी प्रमुख पूर्व में महाराष्ट्र के इंचार्ज रह चुके हैं, इसलिए उन्हें महाराष्ट्र की राजनीति में गहरी दिलचस्पी और समझ है। इसके उपरांत कांग्रेस नेता ने ट्वीट कर कहा, "बैठक में लोकसभा चुनाव 2024, राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति और जनता से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई। उद्धव ठाकरे की नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी), शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन से निर्मित महा विकास अघाड़ी में अभी तक सीटों के बंटवारे पर कोई भी चर्चा नहीं हुई है।"

Advertisement

2024 के चुनावों की तैयारी करते समय एमवीए के सामने सीटों का बंटवारा सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है, क्योंकि यह पहली बार है जब तीनों पार्टियां एक साथ एक बड़ी चुनावी लड़ाई लड़ने के लिए एकजुट हुई हैं। हालांकि, महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने कहा कि महा विकास अघाड़ी में सीटों के बंटवारे की बातचीत सुचारू होगी क्योंकि प्राथमिक उद्देश्य भारतीय जनता पार्टी को हराना है।

वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को कहा कि शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संयुक्त रूप से राज्य में लोकसभा, विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनाव सहित आगामी सभी चुनाव लड़ेंगी। बता दें कि शिंदे और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा करने के लिए कल नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की थी। विदित हो कि 2019 के चुनावों में, शिवसेना ने महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से 18 और दादरा और नगर हवेली से एक सीट जीती थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Former Maharashtra CM Ashok Chavan, Mallikarjun Kharge, 2024 LS polls
OUTLOOK 07 June, 2023
Advertisement