Advertisement
18 November 2017

गुजरात में निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे आप नेता कनु कलसरिया

गुजरात में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता कनु कलसरिया निर्दलीय विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। भावनगर जिले के महुवा क्षेत्र से उन्होंने पर्चा दाखिल कर दिया है। तीन बार भाजपा के विधायक रहे कलसारिया 2014 में आप में शामिल हुए थे। कलसरिया ने बताया कि आधिकारिक रूप से उन्होंने आप से इस्तीफा नहीं दिया है, लेकिन इस बार चुनाव में वे पार्टी के लिए काम नहीं करेंगे। आप अब तक 20 सीटों से उम्मीदवार की घोषणा कर चुकी है, लेकिन इसमें कलसरिया का नाम नहीं है।

कलसरिया ने बताया,"मैंने आप से इस्तीफा नहीं दिया। मैंने पार्टी नेतृत्व को बताया कि मैं महुवा से निर्दलीय चुनाव लड़ना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि मैं जो सही समझूं करूं। फिलहाल मैं आप का सदस्य नहीं हूं और पार्टी के लिए चुनाव के दौरान काम नहीं करूंगा।" उन्होंने कहा कि महुवा के लोगों की भावनाओं को देखते हुए यह फैसला किया है। वे आप, कांग्रेस और भाजपा से नाराज नहीं है। सभ्‍ाी दलों में अच्छे लोग हैं, उनकी लड़ाई केवल भाजपा की किसान और गरीब विरोधी नीतियों से है।

कलसरिया ने 2011 में भावनगर में प्रस्तावित सीमेंट प्लांट के विरोध में किसानों का आंदोलन खड़ा किया था। 2012 का चुनाव उन्होंने निर्दलीय लड़ा, लेकिन जीत नहीं पाए। हाल में उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से भी मुलाकात की थी। इसके बाद से उनके कांग्रेस में जाने की अटकलें भी लगाई जा रही थी। कलसरिया ने बताया कि उन्होंने राहुल गांधी से महुवा से अपना उम्मीदवार नहीं देने का आग्रह किया था। कांग्रेस ने 182 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के लिए अभी अपने उम्मीदवारों का ऐलान नहीं किया है। राज्य में 9 और 14 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। नतीजे 18 दिसंबर को घोषित होंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: गुजरात, निर्दलीय, चुनाव, आप, कनु कलसरिया, Guj polls, AAP, Kanu Kalsaria, independent
OUTLOOK 18 November, 2017
Advertisement