Advertisement
09 January 2024

इंडिया गठबंधन का साझा संकल्प 'देश बचाओ, भाजपा हटाओ': डी राजा ने फिर दोहराया

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के महासचिव डी राजा ने मंगलवार को दोहराया कि इंडिया गठबंधन का प्राथमिक उद्देश्य देश को बचाने के लिए सामूहिक रूप से लड़ना और भाजपा को हराना है।

राजा ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा, ‘‘अगर हमें देश को बचाना है तो भाजपा को हराना होगा। इसलिए इंडिया गठबंधन का साझा संकल्प है देश बचाओ, भाजपा हटाओ। इंडिया गठबंधन और उसके सभी घटकों का एक ही संकल्प है। देश को बचाने के लिए सामूहिक रूप से लड़ें और भाजपा को हराएं।’’

राजा ने आगे कहा, ‘‘इंडिया गठबंधन को भरोसा है कि आगामी लोकसभा चुनाव में केंद्र की भाजपा सरकार सत्ता से बाहर हो जाएगी। केंद्र की मौजूदा सरकार देश में तानाशाही सरकार चला रही है। जो ताकतें संविधान पर हमला कर रही हैं और नफरत की राजनीति फैला रही हैं, उन्हें हराना होगा।’’

Advertisement

केंद्र सरकार पर विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए राजा ने कहा कि सीबीआई, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और आयकर विभाग जैसी जांच एजेंसियों का इस्तेमाल केवल विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमें अपने संविधान और अपने राष्ट्र के धर्मनिरपेक्ष-लोकतांत्रिक ताने-बाने की रक्षा के लिए एकजुट होकर फासीवादी ताकतों से लड़ना चाहिए।

भाकपा महासचिव ने इंडिया गठबंधन के घटक दलों के बीच 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे के मुद्दे पर किसी भी भ्रम की स्थिति से इनकार किया और कहा, ‘‘कोई भ्रम नहीं है। इंडिया गठबंधन भाजपा को हराने और देश को बचाने के लिए सामूहिक रूप से लड़ेगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने सोमवार को यहां बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की और इंडिया गठबंधन से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की। मैं आज राज्य के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से मुलाकात करूंगा।’’

राजा ने कहा, ‘‘मुझे यकीन है कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाकपा को भी अपना उचित हिस्सा (सीट) मिलेगा।

इंडिया गठबंधन में प्रधानमंत्री पद के लिए चेहरा कौन होगा, इस सवाल पर राजा ने कहा कि विपक्षी दल अपने नेतृत्व पर सामूहिक रूप से निर्णय लेने के लिए पर्याप्त परिपक्व हैं और यह उनके लिए कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि 2024 के आम चुनाव के बाद सामूहिक रूप से निर्णय लिया जाएगा।

TAGS: INDIA Alliance, 'save the country, remove BJP', D Raja
OUTLOOK 09 January, 2024
Advertisement